- छठ पर पैसेंजर्स की भीड़ देखते हुए रोडवेज ने शुरू किया एक्स्ट्रा बसों का संचालन

GORAKHPUR: छठ पर्व पर पैसेंजर्स की भीड़ व सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने एक राहत भरा काम किया है। पैसेंजर्स को लेने के लिए गोरखपुर और बस्ती मंडल के विभिन्न डिपो से 40 बसें दिल्ली भेजी गई हैं। यह बसें शनिवार तक वापस आ जाएंगी। रोडवेज की दोनों मंडलों में संचालित डिपो में करीब 666 बसों में से करीब 137 बसों का संचालन लखनऊ, कानपुर, आगरा और दिल्ली रूट पर नियमित तौर पर किया जा रहा है। लेकिन छठ पर्व पर दिल्ली से आने वाले पैसेंजर्स के लिए 40 एक्स्ट्रा बसों का संचालन दिल्ली रूट पर गुरुवार को किया गया। इससे उधर से आने वाले पैसेंजर्स को काफी हद तक राहत मिल सकेगी। इसके अलावा तमकुही रोड तक भी एक्स्ट्रा बसें चलाई जा रही हैं।

बढ़ी रोडवेज की आय

छठ पर्व पर सामान्य दिनों के मुकाबले रोडवेज की आय 15 लाख रुपए प्रतिदिन बढ़ गई है। सामान्य दिनों में रोडवेज को 60 लाख रुपए की आय होती थी, जो बढ़ कर अब 75 लाख रुपए हो गई है। दिल्ली रूट के अलावा रेलवे स्टेशन रोड और राप्तीनगर डिपो से लिंक रोडों पर चलने वाली बसों में भी पैसेंजर्स की जबरदस्त भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार को कुशीनगर, महाराजगंज, पडरौना, देवरिया के अलावा विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाली बसों में पैसेंजर्स में सीट के लिए मारामारी होती रही।

वर्जन

छठ पर्व पर दिल्ली रूट पर रोजाना 40 एक्स्ट्रा बसों का संचालन किया जा रहा है। जिससे छठ पर्व पर पैसेंजर्स समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेौं। इससे रोडवेज की आय में भी रोजाना बढ़ोत्तरी हो रही है।

- एसके राय, आरएम, रोडवेज