- तीन सुपर जोन, जोन और सेक्टर में बंटा शहर

- चार पुलिस कर्मचारियों के हवाले रहेगी सुरक्षा

GORAKHPUR: दिवाली के त्योहार को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गड़बड़ी फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए तीन सुपर जोन, नौ जोन और 37 सेक्टर में बांटकर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। धनतेरस, छोटी दिवाली और दीपावली तक व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

सुपर जोन के प्रभारी होंगे सीओ

शहर में तीन सुपर जोन बनाए गए हैं। सुपर जोन का प्रभारी सीओ और जोन का प्रभारी एसआई और एसओ को बनाया गया है। सेक्टर के प्रभारी के रूप में एसआई और चौकी इंचार्ज तैनात रहेंगे। बाजार से लेकर मोहल्लों तक निगरानी के लिए करीब चार सौ पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। 50 दरोगा, तीन सौ हेड कांस्टेबल, पीएसी, चार स्पेशल महिला टीम, दो घुड़सवार पुलिस पार्टी गश्त करेगी। कैंट, कोतवाली, शाहपुर और गोरखनाथ थाना पर रिजर्व पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

शहर में स्थापित होंगी 630 प्रतिमाएं

दिवाली पर शहरी क्षेत्र में करीब 630 प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। लक्ष्मी पूजा आयोजकों ने पुलिस-प्रशासन को जानकारी देकर पंडाल के बारे में जानकारी दी है। पुलिस कहना है कि छोटी प्रतिमाए स्थापित करने वालों ने कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन एक नवंबर की रात कराया जाएगा। इस संबंध में आयोजकों को जानकारी दी जा चुकी है।

वर्जन

दिवाली को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे। बाजारों में पुलिस कर्मचारी गश्त करके हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

हेमराज मीणा, एसपी सिटी