GORAKHPUR: शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए गोरखपुर ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। रविवार को करवाचौथ के मौके पर जगह-जगह पुलिस कर्मचारियों ने लोगों को जागरूक किया। करवाचौथ पर पति से बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने का वचन लिया। जगह-जगह होर्डिग्स और पोस्टर भी लगवाए गए। एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि इस तरह का अभियान आगे चलता रहेगा। त्योहारों और महापुरुषों की जयंती पर इस तरह का अभियान चलाया जाएगा.

शहर में लगाए होर्डिग्स और बैनर

शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चल रहा है। पुलिस का जोर है कि ज्यादा से ज्यादा लोग हेलमेट पहनकर बाइक चलाएं। कई संस्थाओं में बिना हेलमेट के कैंपस में घुसने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। स्कूलों, एसएसबी के सेक्टर मुख्यालय सहित अन्य जगहों पर अभियान चलाकर ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट पहनने के साथ अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन करने का वचन लिया है। इसी अभियान में रविवार को ट्रैफिक पुलिस की ओर से अनोखी पहल की गई। बाजारों और चौराहों पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने करवाचौथ पर लोगों को जागरूक किया। जगह-जगह होर्डिग्स और बैनर लगवाए गए। पति के लिए व्रत रखने वाली महिलाओं से उनके पति के हेलमेट पहनने का बाइक चलाने का वचन लेने की गुजारिश की गई।

 

शहर में लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करवाचौथ पर जगह-जगह होर्डिग्स लगाई गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने महिलाओं से उनके पति को हेलमेट पहनने का वचन मांगने के लिए अनुरोध किया।

आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक