- पटरिया के लिए नहीं मिली जगह, आवागमन में प्रॉब्लम

- गंगेज चौराहे पर लोड बढ़ते ही चोक हो जाता पूरा रास्ता

GORAKHPUR: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। रेलवे लाइन से दो हिस्सों में बंटा शहर ओवरब्रिज के जरिए आपस में जुड़ता है। जाम से निपटने के साथ पब्लिक को आवागमन की सुविधा देने वाले तरंग ओवरब्रिज के आसपास की अव्यवस्था भारी पड़ रही है। भीड़ बढ़ने पर ओवरब्रिज के दोनों छोर से चलना मुश्किल हो जाता है। दिन में अलग-अलग कम से कम चार घंटे तक आवागमन में असुविधा का सामना लोगों को करना पड़ता है। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि ट्रैफिक कंट्रोल के लिए तरंग चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। कभी-कभी स्कूलों की छुट्टी होने पर थोड़ी भीड़ हो जाती है।

गली जैसे रास्ते पर ट्रैफिक का बोझ

सोनौली हाइवे के ऊपर तरंग चौराहा पर बना तरंग ओवरब्रिज बेहद महत्वपूर्ण ब्रिज है। शहर के दक्षिणी छोर पर हड़हवा फाटक होते हुए बशारतपुर को अलीनगर चौराहे से जोड़ने वाले पुल पर सुबह सात बजे से लेकर देर रात तक ट्रैफिक का बोझ होता है। तरंग ओवरब्रिज पर चढ़ने के लिए दुर्गाबाड़ी-धर्मशाला बाजार रोड के गंगेज चौराहे से रास्ता बना हुआ है। चौराहे के पास सौ कदम की दूरी पर पुल का एक छोर शुरू होने से अक्सर जाम लग जाता है। हड़हवा फाटक से सीधे अलीनगर की तरफ जाने वालों को कम असुविधा होती है। लेकिन पुल से गंगेज चौराहे पर उतरने वाले लोगों को बाएं-दाएं मुड़कर जाने में काफी प्रॉब्लम होती है। एक तरफ का ट्रैफिक चलाने के लिए दूसरी ओर का ट्रैफिक बंद करना पड़ता है। पुल की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को रोकने पर दूसरी तरफ भी जाम लग जाता है। कम जगह और संकरी सड़कें होने से यहां पर वाहनों का दबाव कम नहीं हो पाता। इससे पब्लिक को आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ता है।

इस तरह की समस्या से होता सामना

- तरंग ओवरब्रिज का एक छोर गंगेज होटल तो दूसरा छोर हड़हवा फाटक साइड में उत्तरी जटेपुर में है।

- गंगेज होटल के पास चारों ओर से वाहनों का आवागमन होने से दिन में अक्सर जाम लगता है।

- गंगेज की ओर से पुल पर चढ़ने के दौरान दाहिनी तरफ सड़क कटी है। उस सड़क से लोग आवागमन करते हैं।

- उत्तरी जटेपुर साइड से आने पर लोग बाएं उतर जाते हैं। लेकिन जाते समय दाहिनी ओर सड़क पार करने में प्रॉब्लम आती है।

- दुर्गाबाड़ी रोड पर सीधा रास्ता होने से ट्रैफिक लोड होता है। गंगेज चौराहे से अलीनगर की तरफ जाने पर समस्या आती है।

- पुल पर चढ़ने के दौरान दोनों ओर सड़क संकरी होने से दोनों ओर से वाहन आने-जाने पर जगह नहीं बचती है।

समस्या के समाधान के उपाय

- गंगेज चौराहे के आसपास का अतिक्रमण हटाकर सड़कों को चौड़ा बनाया जाएगा।

- हड़हवा फाटक से आने वाले वाहनों को पुल से उतरते ही बाएं सड़क पर मोड़ दिया जाए।

- जिन वाहनों को अलीनगर की तरफ जाना है। उन्हीं वाहनों को गंगेज चौराहे पर जाने दिया जाए।

- दुर्गाबाड़ी की तरफ आवागमन के लिए चौराहे पर ट्रैफिक को कंट्रोल किया जाए।

- स्कूलों-कॉलेज में छुट्टी के दौरान बसों की आवाजाही पर एक तरफ का रास्ता रोकने की जरूरत

वर्जन

तरंग ओवरब्रिज के दोनों ओर छोर पर कभी-कभी समस्या आती है। गंगेज चौराहा पुल के करीब होने से ट्रैफिक जाम लगता था। वाहनों को कंट्रोल करने के लिए ट्रैफिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। पुल पर चढ़ने-उतरने के दौरान दोनों तरफ पटरी न होने से प्रॉब्लम आती है। रेगुलेट करके ट्रैफिक संचालन कराया जाता है।

- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक