- गोरखपुराइट्स ने श्रीदेवी को किया याद

- बोले, उनकी जगह की भरपाई करने में लगेंगे दशकों

GORAKHPUR: शानदार अभिनय और बेहतरीन फेस एक्सप्रेशंस के लिए मशहूर रहीं एक्ट्रेस श्रीदेवी की अचानक मौत से गोरखपुराइट्स भी सदमे में हैं। शनिवार रात जैसे-जैसे लोगों को उनके निधन की सूचना मिलती गई लोगों ने सोशल मीडिया पर भी दुख के साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। अभिनय जगत से जुड़े शहर के कलाकारों ने भी उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे फिल्मी दुनिया के लिए अपूर्णिय क्षति बताया।

हर किसी ने किया याद

श्रीदेवी के निधन की सूचना मिलते ही फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। उनके अभिनय की तारीफ करते हुए लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। लोगों ने कहा कि उनके निधन से रिक्त हुए स्थान को भरा नहीं जा सकता है। किसी ने लिखा नहीं रहीं हवा-हवाई अभिनेत्री, तो कोई चांदनी के कैरेक्टर को याद कर रहा था। उनकी हिट फिल्मों मिस्टर इंडिया, चांदनी, सदमा, लम्हे, चालबाज, अंजू और मंजू, इंग्लिश-विंग्लिश और उनकी अंतिम फिल्म मॉम में उनके अभिनय की भी फैंस चर्चा करते रहे।

कोट्स

आम तौर पर बचपन से अभिनय के फील्ड में काम करने वाले कलाकारों को बाद में लोग खारिज कर देते हैं। लेकिन श्रीदेवी की अंतिम फिल्म तक उनके फैंस बढ़ते गए। जो स्टारडम उन्होंने कायम किया था उसे अभी तक कोई चैलेंज नहीं कर पाया है।

- रविन्द्र रंगधर, वरिष्ठ रंगकर्मी

अपने अभिनय को उन्होंने पर्दे पर जिया है। मेरी पसंदीदा अभिनेत्रियों में वह थीं। उनके जाने से बॉलीवुड में जो जगह खाली हुई है, उसे कभी भी नहीं भरा जा सकता है।

- रीना जायसवाल, रंगमंच कलाकार

वह बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री थीं। फिल्मों में उनके अभिनय को देखना एक सुखद अनुभव है। आंखों सहित उनका पूरा शरीर हमेशा अभिनय की भूमिका में होता था। चालीस वर्षो से अधिक फिल्मी करियर के बाद उनका अचानक चला जाना हमेशा खलेगा।

- नारायण पांडेय, अभियान थियेटर ग्रुप