-अंतिम नवरात्र पर हुई मां सिद्धिदात्री की आराधना

-आशीर्वाद लेने के लिए मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

DEHRADUN : श्री रामनवमी का पर्व सिटी में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। अंतिम नवरात्र पर मंदिरों में मां सिद्धिदात्री की विशेष आराधना की गई। साथ ही भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही मां के दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ, हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। घरों में भी कन्या पूजन किया गया। देर शाम तक मंदिरों में रामनवमी पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

सुबह से ही सिटी के माता वैष्णों देवी गुफा मंदिर टपकेश्वर महादेव, भवन श्री कालिका माता मंदिर, श्री श्याम सुंदर मंदिर, नर्मदेश्वर मंदिर, हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में मां दुर्गा के नवें स्वरूप के अनुसार ही मां सिद्धिदात्री का विशेष श्रृंगार किया गया था। मां का मनमोहक रूप देखकर भक्त मंत्र-मुग्ध हो गए।

प्रभु के भजन गाए गए

माता वैष्णों देवी गुफा मंदिर में सुंदरकांड का संगीतमय पाठ पंडित कमल जोशी और मंडली के द्वारा प्रस्तुत किया गया। भयै प्रगट कृपाला दीनदयाला, कौशल्या हितकारी के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। दुर्गा सप्तशती के पवित्र मंत्रों से यज्ञ हुआ और फिर मंदिर में दिनभर भंडारा चलता रहा।

चार धाम यात्रा की मंगल कामना

मंदिर के आचार्य विपिन जोशी ने बताया कि चार धाम यात्रा के सफल आयोजन, देश के चहुंमुखी विकास और विश्व शांति की मंगल कामना के साथ नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति दी गई।

विशेष यज्ञ का आयोजन

भवन श्री कालिका माता मंदिर में ट्यूजडे को श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष में विशेष यज्ञ किया गया। श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ की समाप्ति की गई। इसके बाद श्री सिन्दूरिया हनुमान मंदिर में आरती एवं भोग प्रसाद का कार्यक्रम हुआ। अष्टधातु स्थाई कीर्ति स्तंभ पर ध्वजारोहण किया गया और इसके बाद मंदिर में विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संतों की विदाई हुई।

--------------------

फूलों से हुआ शोभायात्रा का स्वागत

प्रेमनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में रामनवमी पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। कई मार्गो पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने झांकियों के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया। झांकियों में बैठी कन्याओं का लोगों ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। झांकियों में असत्य पर सत्य की जीत को दिखाया गया। इस मौके पर समिति के संयोजक विनोद कुमार, प्रधान सुभाष माकिन, अवतार कृष्ण कौल, उदय दत्ता, गुलशन माकिन सहित कई लोग मौजूद रहे।