- आज लोक अदालत में पर्यावरण पर ली जाएगी आपत्ति

GORAKHPUR: फर्टिलाइजर शुरू होने की कागजी प्रक्रिया के बाद लोगों की आपत्तियां लेने के लिए एचयूआरएल (हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड) ने कार्य शुरू कर दिया है। गुरुवार को फर्टिलाइजर के एफसीआईएल परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एचयूआरएल के सहयोग से लोक अदालत लगाई जा रही है। इस अदालत में फर्टिलाइजर चालू होने से पर्यावरण को नुकसान पर लोग अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इस आपत्ति के बाद ही फर्टिलाइजर के चालू होने के लिए पर्यावरण मंत्रालय एनओसी दे देगा। यह बातें बुधवार को एचयूआरएल के एडिशन जीएम एमसी करन व जीएम एचआर हेड सुजीत नायर ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी।

एनओसी मिलने के बाद और तेज होगा कार्य

एमसी करन ने बताया कि फर्टिलाइजर में किस एरिया में प्लांट लगेगा और कौन सा एरिया आवासीय होगा, इसका चयन हो चुका है। कुछ कार्य चल रहा है, लेकिन पर्यावरण मंत्रालय का एनओसी बिना मिले कोई कार्य नहीं हो सकता है। इसलिए इस लोक अदालत का आयोजन किया गया है। इस लोक अदालत में कम से कम 500 से अधिक संख्या आने की उम्मीद है। अदालत में जो लोग भी प्रॉब्लम या सवाल पब्लिक पूछेगी, उनको प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड के लोग संतुष्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी एरिया में अगर कोई बड़ी फैक्ट्री लगाई जाती है तो वहां पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग की तरफ से लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। लोक अदालत में अपनी बात रखने वाले जो आते हैं वह लोकल होते हैं। ऐसे में उनको अच्छी तरह से पता होता कि यहां का लोकल पर्यावरण किस तरह का है और फैक्ट्री से उन पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है। उनके सुझाव में संचालन करने वाली संस्था अमल करेगी।