- राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के काउंटर्स से किया जाएगा दालों का वितरण

- दो सौ कुंटल दाल शुक्रवार को गोरखपुर पहुंची

- प्रत्येक राशन कार्ड पर दी जाएगी दो किलो दाल

GORAKHPUR: दाल के दाम को नियंत्रित करने और आम जनता की थाली तक दाल पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी दाल की पहली खेप शुक्रवार को गोरखपुर पहुंच गई। राज्य कर्मचारी कल्याण निगम शनिवार से अपने काउंटर्स से दालों का वितरण शुरू कर देगा। निगम प्रत्येक राशन कार्ड पर दो किलोग्राम दाल देगा। सिटी में निगम के पांच काउंटर हैं। जिसमें चार काउंटरों से दाल का वितरण किया जाएगा। हालांकि तहसीलों में एक भी काउंटर न होने कारण ग्रामीणों को सरकारी दाल लेने के लिए शहर आना पड़ेगा।

चार सौ कुंटल और आएगी दाल

कानपुर से गोरखपुर छह सौ कुंटल अरहर की दाल पहुंचनी है। दो सौ कुंटल दाल के आने के बाद चार सौ कुंटल दाल अभी आनी बाकी है। पिछले दिनों जिले में दाल का भाव 180 से लेकर 200 रुपए प्रति किलो तक हो गया था। इसके बाद शासन द्वारा कोटे की दुकानों से 140 रुपए प्रति किलो तक दाल बेची गई थी।

यहां मिलेगी सरकारी दाल

केंद्र सरकार की ओर से भेजी गई दाल कर्मचारी कल्याण निगम के कलेक्ट्रेट, दीवानी कचहरी और पुलिस लाइन तथा मोहरीपुर बरगदवां स्थित फैमिली बाजार के काउंटरों से लोगों को दी जाएगी। दाल कानपुर से एक-एक किलो के पैकेट में पैक होकर आई है। यह दाल 120 रुपए प्रतिकिलो मिलेगी।

कानपुर से दाल गोरखपुर आ गई है। शनिवार से वितरण शुरू हो जाएगा। दाल पाने के लिए राशन कार्ड होना जरूरी है।

-एके सिंह, कर्मचारी कल्याण निगम

गोरखपुर में निगम के चार काउंटरों से आज दाल का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। सभी काउंटरों पर 50-50 कुन्टल दाल भेज दी गई है।

-राजेश सिंह चौहान, मंडल प्रबंधक राज्य कर्मचारी कल्याण निगम