RANCHI : गुरुवार को रातू के अगड़ू महादेव टंगरा में जमीन विवाद में दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक समुदाय के लगभग 13 लोग जख्मी हो गए। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वहां मौजूद गाडि़यों में तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है।

यह है मामला

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, एक पक्ष के लोग धार्मिक स्थल की चहारदीवारी करा रहे थे, जिसका दूसरे पक्ष के लोग विरोध कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग भी की गई और बम फेंके गए। इस घटना में 15 लोग जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, ग्रामीण एसपी एसके झा, इंस्पेक्टर विनोद कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी गिरीश कुमार अंबष्ट सशस्त्र बलों के साथ महादेव टंगरा पहुंचे। पर, पुलिस की बात मानने के लिए कोई भी पक्ष तैयार नहीं था।

जगह को लेकर विवाद

जिस जगह को लेकर विवाद हुआ, उस जगह पर वर्षों से रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जाती रही है। 1970 में ही जमीन का बंटवारा दोनों समुदाय के बीच किया गया था। इसमें एक समुदाय के लोग धार्मिक स्थल के निर्माण के लिए चहारदीवारी करा चुके हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग गुरुवार को चहारदीवारी का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान यह घटना घटी। घटनास्थल पर मांडर विधायक बंधु तिर्की व अन्य लोग भी पहुंचे। देर रात तक स्थिति नियंत्रण में थी, पर तनाव कायम था। पुलिस ने वहां एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया है। हंगामे के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दो ऑल्टो कार व 19 मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

जेल से बाहर निकला अभिमन्यु

फर्जी प्रीति मर्डर केस में जेल में बंद तीन निर्दोष युवकों में से एक अभिमन्यु गुरुवार को बाहर आ गया। बुधवार को वूमेन फास्ट ट्रैक कोर्ट से अभिमन्यु को जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद सबसे पहले उसने अपने पिता के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। अभिमन्यु ने बताया कि उसने कोई गलती नहीं की थी, पर पुलिस की पिटाई के डर से जुर्म स्वीकार कर लिया था।