- गोड़ सेवा समिति की ओर से सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के कैम्पस में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित

- डीएम ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, वर-वधू को दिया आशीर्वाद

KAUDIRAM: गोड़ सेवा समिति की ओर से रविवार को सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के कैम्पस में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 34 गरीब जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। नवदंपत्ति को गृहस्थी के जरूरी सामान देकर विदा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम ओएन सिंह ने किया।

विवाह कराना पुनीत कार्य

डीएम ने कहा कि दहेज जैसे कलंक को मिटाने में सामूहिक विवाह समारोह का बड़ा योगदान है। यह एक पुनीत कार्य है। इस समारोह में शामिल होकर वे खुद को धन्य समझते हैं। उपजिलाधिकारी बांसगांव ने कहा कि गोड़ समाज की ओर से प्रस्तावित गरीब बच्चों के लिए फ्री अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय के लिए वह सहयोग करेंगे और भूमि उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेंगे। समारोह को सपा नेता मनुरोजन यादव, नगीना साहनी, पप्पू चन्द ने भी सम्बोधित किया। गोड़ सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ। गणेश गौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ। गणेश गोड़ ने कहा कि गरीब बच्चों को नि:शुल्क अंग्रेजी शिक्षा प्रदान करने के लिए समिति विद्यालय खोलने जा रही है। इस अवसर पर शिवशंकर गोड़, शिवनाथ गोड़, दरोगा गोड़, ओमप्रकाश गोड़, नरसिंह गोड़, सीताराम गोड़, कपूर चन्द गोड़, साधू शरण गोड़, राजकपूर गोड़, बैजनाथ गोड़ सहित बड़ी संख्या में गोड़ समाज के लोग उपस्थित रहे। संचालन रणजीत सिंह राज ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम से झूमाया

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति से विवाह संपन्न होने के बाद मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान कलाकारों ने गीत, नृत्य से वर-वधू, बारातियों व अतिथियों का मनोरंजन किया। अंत में सभी जोड़ों को जरूरत की सामग्री आदि देकर सम्मान के साथ विदा किया गया।