- खुद को बताया यूनिवर्सिटी का छात्र, दो नामजद सहित आठ के खिलाफ केस दर्ज

GORAKHPUR: छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के साथ ही इसके नाम पर छात्रों की मनबढ़ई शुरू हो गई है। सिविल लाइंस स्थित जूता के एक शो रूम में कुछ युवक घुस गए और खुद को यूनिवर्सिटी का छात्र बताते हुए बिना रसीद दिखाए ही जूता बदलने के लिए कहा। मना करने पर मनबढ़ छात्रों ने मैनेजर को पीट दिया। घटना की सूचना पर दो नामजद सहित आठ के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। मैनेजर ने जानमाल के खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

6 सितंबर की घटना

शाहपुर एरिया के झरना टोला, छावनी मोहल्ला निवासी अजीत कुमार सिटी मॉल के एक जूता शोरूम में मैनेजर हैं। छह सितंबर की दोपहर वह शोरूम में बैठे थे। तभी सात-आठ युवक पहुंचे। खुद को यूनिवर्सिटी हॉस्टल का छात्र का बताते हुए जूता बदलने की मांग की। पुराना जूता देखकर मैनेजर ने रसीद दिखाने को कहा। लेकिन छात्रों ने बिना रसीद के जूता बदलने का दबाव बनाया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जांच में सामने आया कि छात्रों ने वहां से जूता नहीं खरीदा था। मैनेजर के जूता बदलने से इंकार करने पर एक छात्र ने नया जूता पहन लिया। इस पर मैनेजर ने आपत्ति जताते हुए जूता निकालने को कहा।

नया जूता लेकर जाने लगे

शोरगुल होने पर अगल-बगल शोरूम के कर्मचारी भी आ गए। उन लोगों के आने पर छात्रों ने निकलना मुनासिब समझा। मैनेजर से उलझे छात्र धमकी देकर चले गए। आरोप है कि रात में करीब साढ़े नौ बजे शॉप बंद होने के बाद मैनेजर घर जा रहे थे। तभी रास्ते में घेरकर छात्रों ने हमला बोल दिया। सिर में चोट लगने से मैनेजर की हालत गंभीर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मैनेजर को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर अजीत ने संतकबीर छात्रावास के संजय यादव, सौरभ पांडेय और उनके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी।

वर्जन

आरोपी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनके अन्य अज्ञात साथियों की पहचान कराई जा रही है।

- बृजेश वर्मा, इंस्पेक्टर, कैंट