परिजनों की तहरीर पर एक नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

गंगा के कछार में भैंस चराने गया था रिंकू यादव, हालत गंभीर

ALLAHABAD: गंगा के कछार में भैंस चराने गए दूध कारोबारी रिंकू यादव को रास्ते में गोली मार दी गई। हमलावर उसे गोली मारने के बाद फरार हो गए। आसपास के लोगों ने परिवार वालों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। धूमनगंज थाने की पुलिस ने उसे एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक व उसके दोस्तों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रास्ते में हुआ था विवाद

धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव निवासी तीन भाइयों में सबसे छोटा रिंकू यादव डेयरी चलाता है। वह रविवार की दोपहर भैंस चराने के लिए गंगा के कछार की तरफ गया था। रास्ते में किसी बात को लेकर गांव के ही नितिन पाल और उसके साथियों का रिंकू से झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ा तो रिंकू को युवकों ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।

रोते-बिलखते पहुंचे परिजन

लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। इसके बाद रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। तब तक पुलिस भी पहुंच गई और उसे एसआरएन हॉस्पिटल लाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए।

घायल के परिजनों ने मुंडेरा गांव के नितिन पाल और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

श्रीशचंद्र, सीओ, सिविल लाइंस