- रियो ओलम्पिक में जिमनास्टिक के फाइनल में पहुंची दीपा ने एकलव्य स्टेडियम में किया था कैंप

आगरा। रियो ओलम्पिक में जिम्नास्टिक के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर देश का नाम रोशन करने वाली दीपा कर्माकर ने एकलव्य स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में प्रैक्टिस की थी। दीपा ने पिछले साल शहर में लगे नेशनल कैम्प में हिस्सा लिया था। व‌र्ल्ड चैम्पियनशिप के लिए यहीं करीब एक महीने तक तैयारी की।

अच्छे प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

एकलव्य स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में सितंबर के मध्य से अक्टूबर तक कैंप का आयोजन किया गया था। इसमें

दीपा कर्माकर सहित तीन और खिलाड़ी इस कैम्प में शामिल थे, लेकिन अपने प्रदर्शन के चलते कैंप में दीपा सभी के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई थी। उन्होंने यहां न सिर्फ जूनियर खिलाडि़यों को टिप्स दिए, बल्कि उन्हें प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित भी किया।

अनुशासित और मिलनसार थीं

कैम्प में दीपा कर्माकर के साथ सपोर्टिग स्टाफ में मौजूद रहे अरविंद यादव ने बताया कि कैम्प में दीपा बेहद अनुशासित खिलाड़ी हैं। वह बहुत मिलनसार और सरल व्यवहार की हैं। जिम्नास्टिक में मौजूद बच्चों से उन्होंने जल्दी दोस्ती कर ली.र उनसे खूब बातें करतीं और उन्हें सिखाती भी थी।

अंधेरे में भी नहीं रुकीं दीपा

क्षेत्रीय खेल अधिकारी चंचल मिश्रा ने बताया कि मैंने आज तक इतनी जुनूनी, समर्पित और डिसिप्लिन्ड खिलाड़ी नहीं देखी। एक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कैम्प में शाम के समय सभी प्रैक्टिस कर रहे थे। अचानक लाइट चली गई और हॉल में अंधेरा हो गया। अंधेरे के चलते सभी खिलाड़ी बैठ गए, लेकिन दीपा ने अपनी प्रैक्टिस जारी रखी। हमने पूछा तो दीपा का कहना था कि अंधेरे में ब्लांइड प्रैक्टिस हो जाएगी। इससे पता भी लग जाएगा कि मेरा पैर कहां जा रहा है। मेरी परफेक्ट प्रैक्टिस भी हो जाएगी। हम उसके समर्पण के कायल हो गए।