- आधी रात को पुरानी यमुना पुल पर हुई दो बाइकों में टक्कर

- हादसे में प्रतियोगी छात्र सहित दो की चली गई जान

NAINI(21 Feb,JNN): कोतवाली क्षेत्र के पुराने यमुना पुल के समीप शनिवार आधी रात के बाद हुई दो बाइकों की भीषण टक्कर में प्रतियोगी छात्र समेत दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। इस दौरान उधर से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को सड़क पर तड़पता देख इलाकाई पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

प्रापर्टी डीलर का बेटा

लखनऊ निवासी प्रापर्टी डीलर रमेश यादव का पुत्र सोनू यादव 23 पुत्र नैनी महेवा में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शनिवार शाम वह किसी दोस्त से मिलने बाइक से शहर गया हुआ था। देर रात लौटते समय पुराने यमुना पुल के समीप सोनू महेवा रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से जा टकराया। जिससे दोनों बाइक समेत दूर जा गिरे। दुर्घटना में सोनू के अलावा दूसरी बाइक पर सवार मामा भांजा निवासी आदित्य त्रिपाठी 20 पुत्र अप्पी त्रिपाठी भी गम्भीर रूप से घायल हो गया। आदित्य नैनी स्थित एक निजी इण्टर कालेज में 11वीं का छात्र है। माघ मेला में उसके रिश्तेदार कल्पवास कर रहे हैं। वह उनके पास कुछ सामन पहुंचाने जा रहा था। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान दोनों की ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों छात्रों का शव उनके परिजन को सौंप दिया गया।