वार्ड 51 फाल्तूनगंज में निगम के हैंडपंप लगाने पर विवाद

हैंडपंप को लेकर दो गुटों में बंटा वार्ड, पार्षद का पुतला फूंका

BAREILLY:

शहर के फाल्तूनगंज वार्ड का भी अजब हाल है। एक ओर तो वार्ड के लोग पानी की कमी से जूझ भी रहे, दूसरी ओर साफ पानी के लिए लगाए जा रहे सरकारी हैंडपंप का विरोध भी हो रहा। वार्ड 51 का यह हाल इस मायने में भी अजब है कि यह विरोध एरिया के सभी लोगों का नहीं। सरकारी हैंडपंप लगाए जाने का जहां एक पक्ष सपोर्ट कर रहा, वहीं दूसरी ओर वार्ड के पार्षद की अगुवाई में ही कुछ लोग हैडपंप लगाए जाने का विरोध कर रहे। दोनों पक्षों की आए दिन कंप्लेन से नगर निगम के जिम्मेदार भी हैरान है। संडे को सरकारी हैंडपंप पर दो गुटों में बंटे वार्ड के लोगों ने बैठक चर्चा से लेकर पुतला फुंकने के जरिए एक दूसरे के खिलाफ विरोध जताया।

ठप पड़ा हैंडपंप लगाने का काम

वार्ड फाल्तूनगंज के कालीबाड़ी एरिया में निगम की ओर से इंडिया मार्का -11 सरकारी हैंडपंप लगाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। गर्मियों में कालीबाड़ी में पानी की किल्लत से लेकर गंदे बदबूदार पानी की कंप्लेन पर आए दिन लोगों ने निगम पहुंचकर अधिकारियों से विरोध कर हंगामा तक किया। इसके बाद निगम की ओर से एरिया में कालीबाड़ी मंदिर के सामने की एक गली में हैंडपंप लगाने का साजो-सामान व मजदूर भेजे गए। लेकिन पार्षद शेखरपाल के विरोध के चलते काम काज ठप हो गया। इस मामले को लेकर पार्षद के विरोधी गौरव राजपूत व खुद पार्षद ने मेयर से लेकर नगर आयुक्त तक से मुलाकात की और अपना पक्ष रखा।

पार्षद का फूंका गया पुतला

दरअसल वार्ड पार्षद ही अपने एरिया में हैंडपंप लगवाने को लेकर विरोध पर है। पार्षद का कहना है कि जिस जगह हैंडपंप लगाया जा रहा वहां एक ओर सीवर और दूसरी ओर गंदा नाला है। साथ ही जिस गली में हैंडपंप लगाया जाना है वह गली पतली है, इसके लगने से लोगों को दिक्कत होगी। इसी के चलते पार्षद ने संडे को लोगों की एक बैठक की और हैंडपंप लगाए जाने का विरोध किया। वहीं दूसरी ओर हैंडपंप लगाए जाने का विरोध कर रहे पार्षद का दूसरे पक्ष ने पुतला फूंका। लोगों ने हैंडपंप न लगने से हो रही दिक्कतों पर विरोध जताया और मेयर से इस मामले में मदद की गुहार लगाई है।