कानपुर। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुरुवार को हार्दिक पांड्या ने तूफानी बैटिंग की। आरसीबी के खिलाफ खेलते हुए हार्दिक ने 14 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसमें तीन गगनचुंबी छक्के भी शामिल थे। इसमें एक छक्का इतना लंबा था कि गेंद स्टेडियम पार पहुंच गई। आखिरी ओवर में हार्दिक ने सिराज की गेंद पर 104 मीटर लंबा सिक्स लगाया। यह मौजूदा आईपीएल सीजन का सबसे लंबा छक्का है।

1. एल्बी मोर्कल - 125 मीटर

आईपीएल इतिहास में सबसे लंबा छक्का मारने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एल्बी मोर्कल के नाम है। मोर्कल ने यह कारनामा आईपीएल के पहले ही सीजन में किया था। चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से खेलते हुए मोर्कल ने प्रज्ञान ओझा की गेंद पर डीप मिडविकेट की दिशा में 125 मीटर लंबा छक्का लगाया था। यह रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है।

2. प्रवीण कुमार - 124 मीटर

इस लिस्ट में दूसरा नाम प्रवीण कुमार का है। यह भी एक तेज गेंदबाज हैं मगर प्रवीण भी निचले क्रम पर आकर बल्लेबाजी कर लेते हैं। यही वजह है कि आईपीएल का दूसरा सबसे लंबा छक्का प्रवीण के बैट से निकला था। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हुए मुंबई के लसिथ मलिंगा की यार्कर गेंद पर 124 मीटर लंबा छक्का जड़ा था।

3. एडम गिलक्रिस्ट - 122 मीटर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट अपने जमाने के धुरंधर बल्लेबाजों में गिने जाते थे। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके गिलक्रिस्ट ने आईपीएल में कई आतिशी पारियां खेली हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज बड़ी आसानी से गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा देता था। आईपीएल में उनके नाम 122 मीटर लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।

4. रॉबिन उथप्पा - 120 मीटर

भारत के दाएं हाथ के बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा भी बड़े शॉट के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल इतिहास में उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं उनके कुछ शॉट ऐसे हैं जो इतिहास में दर्ज हैं। ऐसा ही एक छक्का उन्होंने लगाया था चेन्नई सुपरकिंग्स के गेंदबाज ड्वेन ब्रावो के खिलाफ। यह सिक्स करीब 120 मीटर लंबा था।

5. रॉस टेलर - 119 मीटर

न्यूजीलैंड के मिडिल आर्डर बैट्समैन रॉस टेलर भी विस्फोटक पारी खेलने के लिए जाने जाते हैं। टेलर ने भी चेन्नई के खिलाफ 119 मीटर लंबा छक्का मारा था। टेलर ने ये कारनामा 2008 में किया था तब वह आरसीबी के लिए खेलते थे। इस कीवी बल्लेबाज ने हमवतन गेंदबाज जैकब ओरम की गेंद पर चिन्नास्वामी स्टेडियम में पांचवां सबसे लंबा छक्का लगाया था।

मलिंगा की नो-बाॅल सहित अंपायरों ने IPL इतिहास में की हैं ये 5 बड़ी गलती

IPL में सिक्सर किंग बने युवराज सिंह, 12 साल पहले इस जिद के चलते ठोंके थे 6 गेंदों पर 6 छक्के

Cricket News inextlive from Cricket News Desk