ALLAHABAD: कार्यकर्ता ही शहर पश्चिमी की आन, बान व शान हैं। यह बात सूबे के प्रवक्ता व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कही। वह शनिवार को धूमनगंज सुधा वाटिका में सेक्टर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को शेर की तरह तैयार रहना चाहिए। फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में शहर पश्चिमी के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह व लगन से बीस हजार मतों से बढ़त दिलाकर क्षेत्र में अपना जलवा बरकरार रखा। कहा कि नकारात्मक व अफवाहों से बचकर सकारात्मक भूमिका के साथ आगामी 2019 लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहें। सिद्धार्थनाथ ने साठ फीट रोड व आईओसीएल से असरावल तक सड़क निर्माण को विशेष कार्य बताया। कहा कि दुनिया का आधुनिक एयरपोर्ट शहर पश्चिमी में बन रहा है। इसके बाद वह डॉ। डीआर सिंह ट्रांसपोर्ट नगर के बेटे का निधन की खबर पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। फिर भाजपा कार्यकर्ता पंकज सिंह के घर अचानक पहुंचकर उनका हालचाल लिया। मौके पर महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, कुंजबिहारी मिश्र, योगेश मौर्या, कमलेश कुमार, संजय श्रीवास्तव, सरवर खान आदि उपस्थित रहे।