-हॉस्पिटल में लगा अधिकारियों का तांता, एडीजी एलओ पल-पल लेते रहे अपडेट

BAREILLY: एडीजी जोन ब्रजराज मीणा को हार्ट अटैक हुआ है। सीने में तेज दर्द होने पर उन्हें मिशन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। जहां उनकी हालत क्रिटिकल और स्टेबल बनी हुई है। एडीजी को हार्ट अटैक की खबर मिलने पर तुरंत पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे और हाल-चाल जाना। देर रात एडीजी के माता-पिता, भाई-बहन भी हॉस्पिटल पहुंच चुके थे। एडीजी के हार्ट अटैक से ब्रेन और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी इफेक्ट पड़ा है। मेन आर्टरी ब्लॉक हो गई थी, जिसके चलते एंजियोप्लास्टी की गई है।

1988 बैच के हैं आईपीएस

एडीजी जोन ब्रज राज मीणा, राजस्थान के रहने वाले हैं। उनकी बरेली में 13 मई 2017 को एडीजी के पद पर पोस्टिंग हुई। उनकी उम्र लगभग 57 वर्ष है। वह 1988 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह बहुत ही कड़क ऑफिसर हैं। उनकी एक बहन राजबाला झारखंड में मुख्य सचिव के पद पर हैं। दूसरी बहन महाराष्ट्र में आईएएस हैं। एडीजी कों हार्ट अटैक पड़ने की खबर मिली तो तुरंत आईजी एसके भगत, एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी सिटी रोहित सिंह सजवाण, एसपी क्राइम रमेश भारतीय व अन्य पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हाल जानने के लिए पहुंचे। कई जनप्रतिनिधियों ने भी हॉस्पिटल पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना। देर शाम झांसी के डीएम शिव सहाय अवस्थी भी बरेली पहुंचे और उसके बाद माता-पिता और फिर बहन भी बरेली पहुंच गई।

अचानक सीने में हुआ दर्द

जानकारी के मुताबिक संडे रात में करीब 3 बजे अचानक एडीजी के सीने में तेज दर्द हुआ तो वह तुरंत मिशन हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंच गए। यहां पर डॉक्टर्स ने उनका इलाज शुरू किया और जांच शुरू कीं कि तभी उन्हें हार्टअटैक पड़ गया। उन्हें तुरंत आईसीयू में एडमिट कराया गया और एंजियोप्लास्टी की गई। एडीजी की मेन आर्टरी ब्लॉक हुई थी, जिसे ओपन कर स्टेंट डाला गया है, लेकिन मंडे देर शाम तक उन्हें होश नहीं आया। डॉक्टर्स ने उनके ब्रेन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है।

एडीजी को हार्टअटैक पड़ा है। एंजियोप्लास्टी कर स्टेंट डाला गया है। ब्रेन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। अभी हालत क्रिटिकल व स्टेबल है।

अमिताभ, एडमिनिस्ट्रेटर, मिशन हॉस्पिटल