RANCHI : अगले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश के साथ ओला वृष्टि हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा भी बह सकती है। मौसम में हो रहे बदलाव के मद्देनजर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

15 मिमी हुई बारिश

गुरुवार को मौसम का अलग मिजाज देखने को मिला। सुबह में जहां धूप निकली हुई थी, वहीं दोपहर में आसमान में काले घने बादल छा गए और फिर तेज हवा के साथ करीब 10 से 15 मिमी बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

साइक्लोनिक सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिक ए हेडाऊ ने बताया कि वेस्ट बंगाल और ओडि़शा में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम का असर झारखंड के कई इलाकों में पड़ रहा है। इस वजह से झारखंड के उत्तर व पूर्वी इलाके में तेज हवा के साथ बारिश व ओलावृष्टि की संभावना आगे भी बरकरार है।

दूध उत्पादन में झारखंड बनेगा आत्मनिर्भर

आने वाले पांच-छह महीनों में झारखंड के लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और दुग्ध उत्पादन में झारखंड न सिर्फ आत्मनिर्भर होगा बल्कि यहां का दूध और दूसरे फूड आइटम बाहर भी सप्लाई होंगे। नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड झारखंड में नया प्लांट लगाने जा रहा है। बहुत सारी कंपनियां झारखंड में फूड प्रॉसेसिंग में निवेश करेगी। गुरुवार को खेलगांव में दो दिवसीय एडवांटेज झारखंड समिट की शुरूआत हुई। इसका उदघाटन झारखंड के सीएम रघुवर दास ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेशक आएं उन्हें सारी सुविधाएं सरकार उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर सरकार एनडीडीबी के चेयरमेन टी। नंदकुमार, आईएलएफ एंड संस के एके कृष्ण कुमार, केंवेटर गुप के एम के जालाना के साथ ही झारखंड के मुख्य सचिव राजीव गौबा और उद्योग सचिव हिमानी पांडेय भी उपस्थित थी।