---तेज बारिश और ओलावृष्टि से राज्यभर में फसलों का नुकसान

---घाघरा में किसानों ने जाम की सड़क, सीएम ने की मुआवजे की घोषणा

सूखे की मार झेल रहे राज्य के किसानों को ओलावृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया है। गुरुवार की रात बारिश के साथ हुई भारी ओलावृष्टि ने रांची जिले भर में कहर बरपाया है। सबसे ज्यादा असर नामकुम, सिल्ली व खिजरी इलाके में देखने को मिला। प्लांडु के वैज्ञानिक डॉ विकास दास ने बताया कि एक ओले का अनुमानित वजन 400 ग्राम के करीब था। भीषण ओलावृष्टि से खेतों में 200 मीटर ऊंचा खड़ा हो गया बर्फ का टीला।

पलामू में एक की मौत

इधर पलामू के नौडीहा प्रखंड के नामुदाग पंचायत के रबदा गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्णा भुइयां की मौत बिजली कड़कने के दौरान हृदयगति रुकने से हो गई। उधर, गुमला के घाघरा प्रखंड के एक दर्जन से ज्यादा गावों में गुरुवार की रात हुई व्यापक ओलावृष्टि से लगभग साढ़े तीन हजार एकड़ भूमि पर लगी धान व सब्जी की फसल नष्ट हो गई है। ओलावृष्टि से कई गांव में ग्रामीणों के घरों के छत भी उजड़ गए और कई स्थानो पर पेड़ गिर गए। ओलावृष्टि से प्रखंड के रुकी, जलका, अजियातु, पोढ़ा, देवाकी, आदर, इटकीरी, नावाडीह, चट्टी, नवडीहा, हपामुनी, गम्हरिया, महुआ, इचा, सरांगो, घाघरा, रान्हे, चुंदरी, बिरोपानी, बेती, हहरी, ताबिल, जि¨लगसिरा, सेहल सहित अन्य गावों में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। ओलावृष्टि से हुई तबाही का आंकलन करोड़ों में बताया जा रहा है।

घाघरा में किसानों ने जाम की सड़क

गुमला के घाघरा प्रखंड में हुई ओलावृष्टि से धान की फसल बर्बाद होने से आहत किसानों ने शुक्रवार की सुबह छह बजे से ग्यारह बजे तक ईटकीरी के समीप घाघरा-नेतरहाट मार्ग जाम कर दिया। किसान प्रशासन से नष्ट हुई फसल का मुआवजे की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि नीलिमा डुंगडुंग व अंचल अधिकारी समीर कच्छप जामस्थल पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को फसल क्षति का आकलन करने के बाद प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया एवं इसके बाद जाम समाप्त हुआ।

चाईबासा में 15 मिमी बारिश

इधर गुरुवार की रात चाईबासा में अचानक मौसम ने करवट बदली। तेज हवा के झोंके के साथ बारिश शुरू हुई और तड़ातड़ ओले गिरने लगे। बरसात का मौसम खत्म मान चुके लोग बारिश और ओले से चौकन्ने हो उठे। तेज हवा और ओले गिरने से शहर में कई जगह बोर्ड और होर्डिंग उखड़ गए। बिजली के तार कई जगह टूट कर गिर पड़े और बिजली गुल होने से पूरे शहर में अंधेरा छा गया। देर तक हुई बारिश से मौसम का तापमान गिर गया। शहरी क्षेत्र में रातभर लोग बिजली गुल होने और घरों में नालियों का पानी घुस जाने की समस्या से परेशान रहे। रात को जो कटी बिजली शुक्रवार को शाम तक आपूर्ति बहाल की जा सकी। सदर बाजार के वार्ड नंबर 17 के कई घरों में पानी घुस गया। जिले में औसत 15 मिलीमीटर बारिश चाईबासा शहर व आसपास के क्षेत्रों में 28.8 मिमी बारिश हुई, जबकि चक्रधरपुर में सबसे अधिक 30.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

दो दिन में मुआवजा

राज्यभर में ओलावृष्टि से फसलों की नुकसान के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नुकसान का आंकलन कर किसानों को दो दिन के अंदर मुआवजे का भुगतान किया जाए।