शहर से लेकर देहात पर मच गई अफरा-तफरी
तूफान ने बिगाड़ी शहर की हालत, बारिश से हुआ जल भराव
आगरा। बुधवार को हुई तेज आंधी और बारिश ने जिले का मिजाज बिगाड़ कर रख दिया। शहर से लेकर देहात तक अफरा-तफरी मची रही। इस दौरान अछनेरा में मकान गिरने से महिला की मौत हो गई जबकि बच्चे घायल हो गया। पानी भरने से वाहन फंस गए। पेड़ और होर्डिंग गिरने से यातायात बाधित हो गया। यहां तक की ओएचई गिरने से ट्रेने भी प्रभावित रहीं।
सभी तरफ दिखा बारिश, आंधी का कहर
तेज आंधी और बारिश में शहर के कई प्रमुख चौराहों पर पानी भर गया। कई इलाके भी पानी की जद में आ गए। आंधी बारिश के चलते रेल यातायात भी ठप्प हो गया। कई स्थानों पर ओएचई लाइन टूटने से गाडि़या यहां की तहां खड़ी रह गई। थाना शाहगंज में पानी भर गया। थाना तालाबघर बन गया। न्यू ख्वास पुरा में पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। खेरिया मोड़ चौकी को भी बारिश तेज आंधी ने चपेट में लिया। यहां पर चार पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। ताजगंज एरिया में भी पेड़ गिरने से आवागमन रुक गया था।
बारिश ने ली एक महिला की जान
थाना अछनेरा के अगनपुरा में तूफान ने कई मकानों को चपेट में लिया। जिसमें एक दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। इस घटना में महिला की मौत हो गई जबकि 8 बच्चे घायल हो गए। मरने वाली महिला का नाम चंद्रवती पत्नी हीरालाल बताया गया है। इसके अलावा शहर और देहात में बारिश के चलते नुकसान की सूचना है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिग टूट कर सड़कों पर गिर गए। जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। कई घरों में पानी भर गया।
तूफान में अंधेरे में घिरा शहर
तेज बारिश और आंधी में जिले की विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। कई विद्युत लाइनों पर पेड़ गिर गए। इसके चलते बिजली गुल हो गई। तेज बोछार ने सभी की हालत बिगाड़ रखी थी। लोग बारिश और अंधेरे में बेबस थे। हाईवे पर जाम के साथ भीगने वालों की लम्बी लाइन थी।
दर्जनों पेड़ गिरे, बाउंड्री टूटी
थाना शाहगंज स्थित बालाजी पुरम में तूफान में दर्जनों पेड़ गिर गए जिससे कई घरों की बाउंड्रीबाल टूट गई और घरों में पानी भर गया।