आरजे निवेश उठाएंगे विजय के एक बच्चे की पढ़ाई का खर्च

- स्कूल छोड़कर घर पर बैठे तीन बच्चों का करियर है अंधकार में

ALLAHABAD:

दिव्यांग विजय की मदद के लिए लोगों के हाथ बढ़ने लगे हैं। पहले उनके पैर के इलाज का इंतजाम हुआ और अब उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए मदद आने लगी है। आरजे निवेश (रेडियो जॉकी) ने विजय के एक बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा किया है। एक साल तक पढ़ाई पर भी जो खर्च आएगा, वह आरजे निवेश ही उठाएंगे।

धीरे-धीरे रंग ला रहा प्रयास

आई नेक्स्ट और समाजसेवी संस्था सहायता मित्र मंडली का प्रयास धीरे-धीरे रंग ला रहा है। विजय की आपबीती की कहानी अपनी फ्रेंड मैमूना फातिमा से सुनने के बाद शनिवार को 92.7 बिग एफएम के आरजे निवेश मित्तल ने कहा कि विजय के एक बच्चे की सालभर तक पढ़ाई पर आने वाले खर्च को वहन करने को तैयार हैं। बता दें कि विजय के तीन बच्चे हैं जो आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते स्कूल छोड़ चुके हैं।

दो बच्चों की पढ़ाई बाकी

अभी विजय के दो बच्चे और हैं। जिनकी पढ़ाई शुरू होनी है। इसके लिए लोगों को आगे आना होगा। अगर कोई इस परिवार की मदद करना चाहता है तो विजय के फाफामऊ स्थित कांशीराम आवास कालोनी के मकान नंबर 15/2 पर संपर्क कर सकते हैं या उनके मोबाइल नंबर 9695895713 अथवा सहायता मित्र मंडली के नंबर 9453425799 पर डायल कर सकते हैं।

बॉक्स

आज से शुरू होगा इलाज

एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हुए विजय के पैर का इलाज आज से नाजरेथ हॉस्पिटल में होगा। समाजसेवी संस्था के जरिए उसे आज यहां भर्ती कराया जाएगा। हॉस्पिटल के फादर रेजीनाल्ड डिसूजा ने विजय के पैर की सर्जरी फ्री ऑफ कास्ट करने का आश्वासन दिया है। ठीक हो जाने के बाद विजय अपने परिवार का भरण पोषण कर सकेगा।