- दिल्ली से पंजाब, हरियाणा जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेन रद, यात्री परेशान

- नौचंदी, संगम समेत सहारनपुर पैसेंजर का ही हो सका संचालन

मेरठ। गुरमीत राम रहीम के मामले में शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद हरियाणा व पंजाब में फैली हिंसा और आगजनी से दिल्ली से पंजाब जाने वाली ट्रेनों के पहिए थम गए। शुक्रवार दोपहर से ही दिल्ली से वाया मेरठ जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के रद होने का सिलसिला अचानक से शुरु हो गया। ट्रेनों के रद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं हिंसा के चलते स्टेशन पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया।

एक के बाद एक ट्रेंने रद

सिटी स्टेशन पर एक के बाद पंजाब जाने और पंजाब से आने वाली सभी ट्रेनों के रद होने का अनांउसमेंट सुनकर प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री वापस लौटने लगे। सैकडों ऐसे दैनिक यात्री भी थे जिनको सहारनपुर या दिल्ली तक जाना था लेकिन ट्रेनों के रद होने का अनाउंसमेंट सुनकर वो भी बस अड्डों की तरफ दौड़ लिए।

ये प्रमुख ट्रेनें रही रद

- शालीमार एक्सप्रेस

- फ्रंटियर एक्सप्रेस

- दिल्ली- अंबाला पैसेंजर

- उत्कल एक्सप्रेस

- छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस

- कालका एक्सप्रेस

- नई दिल्ली जालंधर

- अंबाला इंटरसिटी

- इंदौर- अमृतसर एक्सप्रेस

अलर्ट के चलते हुई चेकिंग

हरियाणा हिंसा की खबर मिलते ही सिटी रेलवे स्टेशन और कैंट स्टेशन पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया। जीआरपी ने स्टेशन की व्यस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए तुरंत चेकिंग अभियान शुरु कर दिया। स्टेशन पर बिना कारण बैठे लोगों से पूछताछ व समान की जांच की गई। नौचंदी व संगम समेत पैसेंजर में सघन चेकिंग हुई।

कोटस-

शालीमार एक्सप्रेस से सहारनपुर तक जाना था लेकिन शालीमार एक्सप्रेस रद कर दी गई। सहारनपुर जाने वाले अधिकतर यात्री पैसेंजर ट्रेन से ही जाएंगे।

प्रहलाद सिंह यादव

पंजाब हरियाणा से आने वाली ट्रेन भी नही आ रही हैं। इसलिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए केवल बस का ही विकल्प बचा है।

जीत सेठी

हरिद्वार के लिए रिजर्वेशन कराया था लेकिन उत्कल रद होने से वापस जाना पड़ रहा है।

अमित कुमार

दिल्ली जाने के लिए पिछले दो घंटे से पैसेंजर का इंतजार कर रहे हैं लेकिन ना तो पैसेंजर आ रही और ना ही एक्सप्रेस ट्रेन चल रही हैं।

सत्यदेव

वर्जन-

हिंसा के चलते हरियाणा पंजाब जाने वाली सभी ट्रेन दिल्ली से ही रद कर दी गई हैं। जिन यात्रियों का मेरठ से रिजर्वेशन था वो टिकट कैंसिल करा रहे हैं। केवल लखनऊ, इलाहाबाद जाने वाली संगम नौचंदी का संचालन जारी है।

- आरपी शर्मा, स्टेशन अधीक्षक

हरियाणा में रेलवे स्टेशनों पर आगजनी के बाद मेरठ सिटी स्टेशन पर किसी प्रकार की घटना हो इसके लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ व समान की जांच की जा रही है।

- विनय कुमार, जीआरपी प्रभारी