सुविधाओं के नाम पर दर्द दे रहा है टोल, रात भर फंसे रहे वाहन

फंसी रहीं एंबुलेंस, तड़पते रहे मरीज, मिनटों की दूरी घंटों में तय

टूंडला : मंगलवार की रात टोल टैक्स पर जाम से हाईवे कराह उठा। भारी वाहनों एवं बसों के बीच में एंबुलेंस भी फंसी रहीं। बाहर सायरन गूंजता रहा तो अंदर मरीजों की कराह, लेकिन वाहन इस कदर फंसे थे, कहीं कोई फर्क नहीं। आम यात्री भी जब घंटों जाम में फंसे-फंसे बेहाल हो गए तो मरीजों के हाल का खुद ही अंदाजा लगाया जा सकता है। टोल पर लगे जाम का असर पूरे हाइवे पर नजर आया। मौके पर पहुंची खाकी भी इस जाम के सामने बेबस नजर आई। इधर टोल पर मौजूद कर्मचारी वाहनों में बैठी सवारियों एवं मरीजों के दर्द से बेफिक्र होकर वसूली में जुटे रहे।

मदावली स्थित टोल पर टैक्स वसूली की कमान चंद रोज पूर्व ही मुंबई की ईगल कंपनी ने संभाली है। कंपनी के द्वारा कमान संभालने के बाद से ही टोल टैक्स पर जाम का झाम बढ़ गया है। टोल पर टैक्स की वसूली को हर रोज होने वाली तकरार इसकी अहम वजह है, इसके चलते टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। रात में भारी वाहन गुजरते हैं, उस वक्त जाम से समूचा हाईवे थम जाता है। मंगलवार को भी यही हुआ। हाईवे पर जाम लगा तो जाम में एक दो एंबुलेंस भी फंस गई। उपचार के लिए आगरा जा रहे मरीज दर्द से कराहते रहे, लेकिन न तो उनकी आह का असर हुआ, न ही एंबुलेंस के सायरन का। दस मिनट की दूरी को तय करने में कइयों को तो एक-एक घंटे का वक्त लग गया। जाम की खबर पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया, लेकिन टोल कर्मियों की मनमानी के चलते फोर्स भी जाम खुलवाने में बेबस नजर आया।

वसूली पूरी, सुविधाएं अधूरी

टोल पर टैक्स की वसूली पूरी होती है, लेकिन सड़क सुधारने की तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अधिकारियों का भी ध्यान नहीं है। सड़क का जगह-जगह पर हाल बेहाल है। टोल पर ही सड़क खराब है, जिससे जाम की समस्या खड़ी होती है। वहीं दुर्घटना हो जाने के बाद में भी टोल पर कोई क्रेन नहीं है। ऐसे में प्राइवेट क्रेन के भरोसे रहना पड़ता है।

जब टोल फ्री कर खुलवाया था जाम :

टोल पर जाम की समस्या पुरानी है। पूर्व में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को देख कर थाना प्रभारी जसपाल सिंह पंवार को एक बार रात के वक्त टोल फ्री कर जाम खुलवाना पड़ा था। उस वक्त भी एंबुलेंस जाम में फंसी हुई थी।

छह बूथ हैं, फिर भी यह हाल :

कहने को टोल पर छह बूथ बने हुए हैं। तीन फीरोजाबाद से आने वाले वाहनों के लिए हैं तथा तीन आगरा से आने वाले वाहनों के लिए, लेकिन इसके बाद भी टोल पर जाम लगने के पीछे प्रमुख वजह है टोल बैरियर के आसपास की सड़कों का बुरा हाल। अगर इन सड़कों को भी टोल प्रशासन सुधरवा दे तो भी वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगे।