- कमिश्नरी चौराहे से रवाना हुई हैरिटेज बस, यात्रियों ने जताई खुशी

- जनपद के 10 प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों से रुबरु हुए यात्री

Meerut । मेरठ के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए मेरठ नगरीय बस सेवा द्वारा शुरु की गई मेरठ हैरिटेज दर्शन बस सेवा का रविवार को शुभारंभ हो गया। सुबह कमिश्नर कार्यालय से बस को रवाना किया गया। सफर के दौरान यात्रियों ने मेरठ के दस प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर परिवार समेत लुत्फ उठाया।

कमिश्नरी कार्यालय से शुभारंभ

सुबह आठ बजे करीब बस का पहला सफर कमिश्नरी कार्यालय से शुरु किया गया। अपने निर्धारित समय पर सभी यात्री कमिश्नरी कार्यालय पर पहुंच गए और रोडवेज एमडी संदीप लाहा और आरटीओ डॉ। विजय कुमार ने बस को रवाना किया। इस दौरान यात्रियों को मेरठ के इतिहास व पूरे सफर के विषय में जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ। आरके भटनागर मिशिका ग्रुप अमित नागर और रोडवेज टीम के सदस्य विवेक खरे, मनोज आदि शामिल रहे।

यात्रियों का स्वागत

बतौर मुख्य अतिथि आरटीओ डॉ। विजय ने हैरीटेज दर्शन के पहले सफर में शामिल सभी यात्रियों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। सुनील शर्मा ने सफर में यात्रियों को मेरठ के इतिहास से रुबरु कराया।

एलईडी से मिली जानकारी

यात्रियों को बस में सुबह के नाश्ते के साथ सफर शुरु किया गया। इस दौरान पूरे सफर में बस अंदर लगी दो एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मेरठ के सभी स्थलों की जानकारी यात्रियों को दी गई। दोपहर हस्तिनापुर में यात्रियों के खाने की व्यवस्था की गई। इन सभी स्थलों की जानकारी इतिहासकार डॉ। केके शर्मा और मेघा गोयल की आवाज में रिकार्ड की गई है।

रोडवेज ने यह एक अच्छी शुरुआत की है। इस यात्रा में मेरठ के कुछ स्थानों को और जोड़ा जाना चाहिए जिनके बारे में लोगों को जानकारी नही है। यात्रा काफी बेहतर थी।

- आदित्य स्वरुप

रविवार को अपने मित्र व परिवार के साथ जाने का एक अवसर रोडवेज द्वारा उपलब्ध कराया गया है। काफी अच्छी और आराम दायक यात्रा रही।

- डीके गेरा

पूरे सफर में कहीं भी ऐसा नही लगा कि बोर हो रहे हैं या बेकार सफर है। दिन कैसे बीता पता ही नही चला। बच्चों ने भी काफी एन्जॉय किया।

- आसिफ अली

परिवार के साथ यदि कहीं शहर से बाहर घूमने जाना हो तो पहले गाड़ी बुक कराओ रास्ते का पता ना हो तो लोगों से पूछते रहो, लेकिन रोडवेज ने इस परेशानी से बचने का बेहतरीन विकल्प दिया। ए सी बस और गाइड के साथ पूरी यात्रा में कहीं भी बोर होने का मौका नही मिला।

- रॉबिन सिंह

अपने परिवार के साथ घूमने के लिए इससे बेहतर और सस्ता विकल्प नही हो सकता। मेरठ के विषय में आपको ऐसी ऐसी जानकारी मिलेंगी जिनके बारे आप जानते भी नही हैं। ज्ञानवर्धक और मनोरंजक सफर है।

- आलोक सिंघल, पिंकी सिंघल