- मार्निग वॉकर से लूटपाट के विरोध में राजू को मारी थी गोली, एसएसपी ने राजू को सौंपा 47 हजार का चेक

- हिस्ट्रीशीटर आदित्य सिंह उर्फ पंकज का गोवर्धन साड़ीज लूट और हत्याकांड में भी रहा है आरोपी

KANPUR: बीते साल 30 अक्टूबर को कृष्णा नगर में मार्निग वॉक पर निकली महिला से लूटपाट और बचाने के प्रयास में युवक को गोली मारने के आरोपी एक बदमाश को गिरफ्तार किया। सर्विलांस सेल ने इस मामले में नामी हिस्ट्रीशीटर आदित्य सिंह उर्फ पंकज को पकड़ा है। पंकज के खिलाफ चार साल पहले कलक्टरगंज में गोवर्धन साड़ी के गार्ड की हत्या कर लूटपाट का भी आरोप है। इस मामल में उस समय पुलिस ने चर्चित बदमाश लिटिल चंदेल का एनकाउंटर भी किया था।

20 से ज्यादा मामले दर्ज

सर्विलांस सेल प्रभारी राजीव द्विवेदी के मुताबिक आरोपी पर 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं और वह फीलखाना खाने से हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद करने का दावा किया। घटना के दूसरे आरोपी की पहचान काजीखेड़ा के रामबाबू गुप्ता के रूप में हुई है जोकि अभी फरार है।

राजू को एसएसपी ने किया सम्मानित

बीते साल अक्टूबर में महिला से लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों की गोली खाने वाले राजू सिंह को बुधवार को एसएसपी शलभ माथुर ने अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। एसएसपी ने उन्हें राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की एक दिन की सैलरी के रूप में 47 हजार रुपए का चेक भी सौंपा और उसकी बहादुरी की तारीफ की।