- होली न खेलने के सख्त निर्देश के बावजूद सदर थाने में हुड़दंग

- पुलिस कर्मियों ने पार कीं हदें, साड़ी पहनकर किया डांस

- जमकर उड़ाया अबीर गुलाल, एक दूसरे को लगाया रंग

- शहर के अन्य किसी थाने में नहीं खेली गई होली

Meerut: अपराध के मामले में सुर्खियों में रहने वाला मेरठ का सदर बाजार थाना कुछ अलग ही है। यहां पुलिस कर्मियों के लिए आदेशों का पालन कोई मायने नहीं रखता। यहां सभी नियम ताक पर रखे जाते हैं। जी हां एसएसपी के होली न खेलने के सख्त निर्देश के बावजूद सदर बाजार थाने में पुलिस वालों ने होली का हुड़दंग किया, जबकि अन्य थानों में होली नहीं खेली गई केवल कुछ थानों में मुंशी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। सवाल है कि सदर थाना अन्य थानों से अलग क्यों है। इनके द्वारा पुलिस अधिकारियों के आदेशों की क्यों धज्जियां उड़ाई जाती है।

साड़ी पहनकर किया डांस

सदर थाने में पुलिस कर्मियों ने सारी हदें पार कर दी। साड़ी लपेटकर पुलिस वालों ने ढोल की थाप पर खूब ठुमके लगाए। कुछ पुलिस कर्मियों ने साड़ी लपेटकर खुलकर डांस कर हुड़दंग किया। जमीन पर लेट लेटकर डांस किया। यहां इंसपेक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने भी किसी पुलिस कर्मियों को होली खेलने के लिए मना नहीं किया। अबीर गुलाल उड़ता रहा, एक दूसरे के चेहरे लाल-काले होते रहे। आदेशों की अवहेलना होती रही।

आदेश का पालन नहीं

शहर के अन्य किसी थाने में होली का हुड़दंग नहीं हुआ, सभी थानों में एसएसपी के आदेशों का पालन हुआ। आखिर सदर बाजार पुलिस अधिकारियों के आदेशों का पालन क्यों नहीं करती है। लगता है कि एसएसपी का कोई खौफ पुलिस कर्मियों में नहीं है।

महिला थाने में सन्नाटा

महिला थाने में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा हर बार होली का हुड़दंग किया जाता है। इस बार महिला थाने का नजारा कुछ और ही था। एसओ अलका पंवार और मुंशी ऑफिस में बैठे काम कर रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि इस बार होली क्यों नहीं खेल रहे तो अलका पंवार ने कहा कि एसएसपी साहब का आदेश है होली खेलना मना किया गया है।

गुलाल लगाकर बधाई दी

लालकुर्ती थाने में भी होली का हुड़दंग नहीं हुआ। केवल पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। इंसपेक्टर विजय सिंह ने तो सिपाहियों और दारोगा से गुलाल से टीका भी नहीलगवाया।

थानों में होली खेलने पर कोई पाबंदी नहीं थी। साल में एक बार होली का त्योहार आता है। सभी को एंज्वाय करना चाहिए।

-गजेंद्र पाल सिंह

इंसपेक्टर, सदर बाजार

मामला मेरी जानकारी में नहीं आया है। आदेशों का पालन नहीं हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।

- ओंकार सिंह, एसएसपी