नशे का विरोध करने पर क्रूरता की पार कर गया हद

ग्रामीणों ने आग बुझा कर एंबुलेंस से भेजा अस्पताल

SAGARASUNDARPUR (11Nov, JNN): दीपावली के दिन जहां लोग खुशी के दीप जला रहे थे वहीं अंचल के डीह मेहंदी गांव में एक विवाहिता को उसके ही पति ने आग के हवाले कर दिया। नशा करने से रोकने पर हुई इस क्रूरता की शिकार महिला देर रात तक जिंदगी और मौत से जूझ रही थी।

जलाने के पहले की थी पिटाई

डीहमेहंदी बाबूगंज थाना लालगंज की रानी देवी पति राजा गौतम नशे का आदी है। नशे का विरोध करने पर आए दिन दोनों में नोकझोक होती थी। लोग बताते हैं कि वह अक्सर उसकी पिटाई किया करता था। दीपावली पर भी राजा ने जमकर शराब पी ली। शाम करीब पौने पांच बजे वह घर पहुंचा तो उसकी पत्‍‌नी रानी ने एतराज किया। इससे वह आग बबूला हो गया और रानी को पीटने के बाद उस पर तेल डालकर आग लगा दिया।

घटना से पूरा गांव स्तब्ध

आग की घिरी महिला चीखने लगी तो आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए और किसी तरह आग बुझाकर 108 एंबुलेंस को कॉल किया। रानी को गंभीर दशा में जिला अस्पताल भेजा गया। लालगंज पुलिस के मुताबिक महिला का बयान लेने के लिए टीम अस्पताल गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हृदय विदारक इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध व दुखी है।