-बोले गृह मंत्री राजनाथ सिंह, भारत गरीबों का देश है यह धारणा आज बदल चुकी है

PATNA: देश की आंखों में धूल झोंक कर कामयाबी हासिल नहीं की जा सकती है। राजनीति आंखों में आंख डाल कर करनी होगी। अगले दस वर्ष में भारत विश्व के टॉप थ्री देश में शामिल होगा। अमेरिका, रूस और चीन में से किसी एक को अपना स्थान छोड़ना होगा। यह बातें भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम में भाग लेने पटना आए देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह विरोधियों पर हमला करते हुए कही। एक ओर उन्होंने मोदी सरकार पर उंगली उठाने वालों को अपने निशाने पर लिया तो दूसरी ओर आतंकी वारदात पर सरकार की सख्ती भी बयान की। कार्यक्रम का आयोजन अधिवेशन भवन में किया गया जिसमें शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल रहे।

नहीं उठा सकता कोई अंगुली

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पर कोई माई का लाल अंगुली नहीं उठा सकता। मोदी पर आरोप लगा सकते हैं पर उनकी नीयत और ईमान पर शक नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा दूसरी पार्टी के लोग बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। राफेल में मोदी ने पैसे खा लिए। गृह मंत्री ने कहा मोदी किसके लिए पैसे खा जाएंगे, पत्‍‌नी के लिए या फिर बच्चों के लिए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके शासनकाल में हुए बदलाव की चर्चा की। भारत को आज गरीब मुल्क नहीं ताकतवर देश के रूप में देखा जाता है।

खोई राजनीति स्थापित करेंगे

गृह मंत्री ने कहा कि आज राजनीति का चरित्र कहीं खो गया है। राजनीति को हम स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा राजनीति राम के हाथ में है तो भक्ति है, कृष्ण के हाथ में है में है तो युक्ति है। चंदशेखर, भगत सिंह और खुदीराम के साथ मुक्ति बन जाती है। सुभाषचंद्र बोस, महात्मा गांधी के हाथ में यह शक्ति बन जाती है। आजाद भारत में राजनीति करने वाले कुछ लोगों के हाथ में यही राजनीति संपत्ति बन जाती है। हमें इसी में बदलाव करना है। प्रभारी भूपेंद्र यादव, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने भी संबोधित किया। उपाध्यक्ष अनिल शर्मा मौजूद रहे।