वेस्ट यूपी में मोहब्बत का मतलब मौत बन गया है। इज्जत के नाम पर प्रेमी युगलों को मौत के घाट उतार देने की कड़ी में एक और नाम जुड़ गया। मुरादनगर के गौरव को भावनपुर थाना क्षेत्र के दतावली में प्रेमिका के घर पर सजा-ए-मौत दे दी गई। गौरव यहां अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। प्रेमिका के घर वालों ने उसे देख लिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। आशिक की मौत के बाद प्रेमिका ने भी सुर बदल लिए। उसने इल्जाम लगाया कि गौरव उससे ढाई लाख रुपए मांग रहा था। वो उससे परेशान आ चुकी थी।

मिस कॉल से
गौरव शर्मा पुत्र दयानंद शर्मा रावली रोड, जीतपुर, मुरादनगर का रहने वाला है। गौरव का पिछले पांच-छह सालों से भावनपुर थाने के दतावली की बिंदिया (बदला हुआ नाम) से इश्क चल रहा था। इश्क की शुरुआत एक मिस कॉल से हुई। मोबाइल पर मीठी-मीठी बातों के बाद मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। अब तो गौरव और बिंदिया घर से बगावत करने लगे थे। सोमवार को भी गौरव घर पर बिना बताए बिंदिया से मिलने चला आया था. 

पीट-पीटकर
गौरव बिंदिया के गांव दतावली पहुंचा। उसने बिंदिया को घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया। बिंदिया घर से झूठ बोलकर चल दी। शायद बिंदिया के घर वालों ने आज इस कहानी का खात्मा करने का मन बना लिया था। वो भी बिंदिया के पीछे-पीछे चल दिए। गौरव को देखते ही बिंदिया के घरवालों की आंखों में खून उतर आया। उन्होंने उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। जमीन में घसीट-घसीटकर उसे घर तक ले गए। गौरव बिंदिया का नाम लबों पर लिए फना हो गया।

पुलिस को सूचना
गांव वालों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव की लाश कब्जे में ली। उसकी लाश मिट्टी में सनी हुई थी। शरीर पर लाठी-डंडों के अनगिनत निशान थे। पुलिस को मामला समझते देर नहीं लगी। बिंदिया के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया। गौरव के घर वालों को भी सूचना दे दी गई।

हत्या कर दी
गौरव की लाश को मोर्चरी लाया गया। गौरव के पिता दयानंद शर्मा की तरफ से बिंदिया के पिता और उसके भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गौरव के परिजनों ने आरोप लगाया कि बिंदिया ने उससे ढाई लाख रुपए उधार लिए हुए थे। गौरव बिना बताए घर से बिंदिया के पास जाता था। वो रविवार को भी मेरठ के लिए कहकर गया था। आज फिर वो मेरठ गया था।

बिंदिया क्या बोली
बिंदिया ने बताया कि गौरव उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वो तीन महीने के गर्भ से है। वो शादी करने के एवज में उससे ढाई लाख रुपए मांग रहा था। लोक-लाज के डर से वो घुट-घुट कर मर रही थी। सोमवार को भी गौरव रुपयों के लिए ही आया था। घर में उसे घरवालों ने देख लिया और झगड़ा शुरू हो गया।

मृतक के घरवालों ने आरोप लगाया है कि उसे लडक़ी के घरवालों ने घर पर बुलाया और पीट-पीटकर मार डाला। दोनों ने ही एक-दूसरे पर पैसे के देनदारी का भी आरोप लगाया है। लडक़ी के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। लडक़ी को भी नामजद किया गया है।
- महेंद्र कुमार, सीओ, किठौर