-सुभाषनगर में सामने आया दिलचस्प मामला

-घोड़े के मालिक ने लगाया घोड़ी के मालिक पर आरोप

BAREILLY: तांगे की एक घोड़ी से घोड़े को पहली नजर में प्यार क्या हो गया, दोनों ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। घोड़ी के साथ घोड़े के गायब होने की खबर लगते ही घोड़ा मालिक ने कई जगह उसकी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। लिहाजा, मामले में घोड़े का मालिक ने पुलिस से कंप्लेन की है।

बादल नाम है उसका

प्रभाकर, तपेश्वरनाथ मंदिर के पास सुभाषनगर में रहते हैं। उन्होंने शौक में करीब 10 साल पहले घोड़े का बच्चा पाला था, जिसका नाम उन्होंने बादल रखा था। उसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए के करीब की है। प्रभाकर ने कहा कि उसने बाइक से कई जगह तलाश की लेकिन बादल का कुछ भी पता नहीं चल पाया है।

काफी तलाशा पर नहीं मिला

प्रभाकर ने बताया कि वेडनसडे दोपहर उनका घोड़ा घर के आगे ही टहलने के लिए छोड़ा था। वहीं पर एक गैस हॉकर ने तांगा खोलकर घोड़ी छोड़ दी थी। प्रभाकर ने बताया कि कुछ देर बाद घोड़ी-घोड़े को साथ लेकर जाने लगी। जैसे ही उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने पीछा करना शुरू किया, लेकिन दोनों करगैना होते हुए करैली की ओर निकल गए। वह बाइक से घोड़े को ढूंढते हुए गए तो उन्हें घोड़ा लाल फाटक तक दिखाई दिया, लेकिन उसके बाद दोनों का कुछ पता नहीं चला।