PATNA: बिहार में नशाबंदी के खिलाफ बनी मानव श्रृंखला को लिम्का बुक ऑफ रिकॉ‌र्ड्स में शामिल कर लिया गया है। यह पिछले साल 21 जनवरी को बना था। लिम्का बुक ऑफ रिका‌र्ड्स-2018 (इंडिया एट हर बेस्ट) में बिहार की इस उपलब्धि को 'लांगेस्ट ह्यूमेन चेन' शीर्षक से पेज 10 पर स्थान दिया गया है। इसमें मानव श्रृंखला की एक तस्वीर भी लगाई गई है।

कोका-कोला कंपनी, यूके की ओर से प्रकाशित लिम्का बुक ऑफ रिकॉ‌र्ड्स की एक प्रति मंगलवार को जनशिक्षा निदेशालय को उपलब्ध कराई गई है। जनशिक्षा निदेशक विनोदानंद झा ने बताया कि लिम्का ने यह भी कहा है कि इस रिकॉर्ड से संबंधित प्रमाणपत्र भी बिहार को जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा। लिम्का ने इसे विश्व रिकॉर्ड की मान्यता देते हुए लिखा है कि 21 जनवरी, 2017 को शराब और अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक के पक्ष में बिहार में दोपहर 12.15 बजे से 1 बजे तक अपार जन समर्थन के साथ 12 हजार, 147 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई थी। इसमें तीन करोड़ से भी अधिक लोग शामिल हुए।