प्रधान के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही महिला रक्षाबंधन से थी गायब

मां को फोन पर दी खुद को बेचे जाने की जानकारी, मचा हड़कंप

महिला की मां की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, शुरू की छानबीन

KAUSHAMBI(JNN): सदर ब्लाक के एक प्रधान के साथ तीन साल से लिव इन रिलेशन में रह रही महिला छह दिन से लापता है। रविवार को महिला ने प्रधान और अपनी मां को फोन करके घटना की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। महिला ने प्रधान के साथ रिश्ता की मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति पर खुद को बेचने की बात कही है। मामले में उस व्यक्ति के खिलाफ सैनी पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रक्षा बंधन पर निकली थी

सिराथू की रहने वाली एक महिला का संबंध 2012 में सदर ब्लाक इलाके के एक प्रधान के साथ हो गया। तीन साल तक दोनों लिव इन रिलेशन में रहे। रक्षाबंधन पर महिला राखी बांधने के लिए घर आई थी। एक सितंबर को वह अचानक घर से गायब हो गई। प्रधान और महिला के घरवाले उसकी खोजबीन कर रहे थे तभी रविवार की सुबह उसने फोन करके खुद को बेच डालने का आरोप लगाया। इस पर थाने में महिला की मां ने तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सैनी दिनेश यादव ने बताया कि महिला ने प्रधान और अपनी मां को फोन करके खुद को बेचे जाने की जानकारी दी है। मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला का पता लगाया जा रहा है।

तीस हजार में बेची गई

महिला ने फोन करके बताया कि जिस मध्यस्थता करने वाले ने उसका रिश्ता प्रधान के साथ तय करवाा वहीं उसे घर से ले गया था। बताया कि प्रधान उसकी जान लेना चाहता है। इसी बहकावे में वह आ गई। इन दिनों उस व्यक्ति ने उसे प्रतापगढ़ के रहने वाले एक शख्स के हाथ 30 हजार में बेच दिया है।

प्रधान के साथ तीसरा रिश्ता

पुलिस को जांच में पता चला कि जिस मीडिएटर ने प्रधान के साथ महिला का रिश्ता तय कराया, उसी ने पहले दो अन्य लोगों के साथ भी महिला का रिश्ता कराया था। पहले की जान पहचान का फायदा उठाते हुए ऐसा किया गया होगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।