Purbi Singhbhum: नीति आयोग ने पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रशासन को 889 विद्यालयों के बंद करने की सूची भेजी थी। लेकिन इसमें भौतिक सत्यापन के बाद निरीक्षण दल 463 विद्यालय के बंद करने की सहमति प्रदान की। निरीक्षण दल की इस सहमति और रिपोर्ट को प्रखंड शिक्षा समितियों को भेज दिया गया। सभी प्रखंड के प्रखंड शिक्षा समिति ने आंशिक संशोधन के बाद इसे पारित किया। कुल 395 विद्यालयों को बंद करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

 

मीटिंग में किया विरोध

मंगलवार को बहरागोड़ा में प्रखंड शिक्षा समिति की बैठक थी। इसमें स्कूलों को बंद करने का जबरदस्त विरोध हुआ, लेकिन प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बीच का रास्ता निकाला। सदस्यों ने आपत्ति के साथ बैठक की कार्रवाई में हस्ताक्षर किया और सूची को अनुमोदित किया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह ने 51 स्कूलों को बंद करने की अनुमोदित सूची को जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय में भेज दी है। इधर विधायक कुणाल षड़ंगी ने कहा कि वे खुद स्कूलों के बंद करने के निर्णय के विरोध जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक में करेंगे। गौरतलब है कि नीति आयोग के निर्देश पर अगर एक किलोमीटर की परिधि में प्राथमिक या फिर मध्य विद्यालय एक से ज्यादा है उन्हें बंद कर देना है। बंद होने वाले स्कूल के बच्चों और शिक्षकों को दूसरे स्कूल में समायोजित कर देना है।

 

प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक 31 को

स्कूलों के बंद करने के मामले में जिला स्तरीय अनुमोदन के लिए प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक 31 मार्च को डीसी ऑफिस के ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इसमें सांसद, विधायक, शिक्षक प्रतिनिधि सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस मामले में आयोजित बैठक हंगामेदार होने की संभावना है।

 

पोटका में सबसे ज्यादा स्कूल होंगे बंद

प्रखंड शिक्षा समिति के अनुमोदन के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में सबसे ज्यादा स्कूल पोटका प्रखंड में बंद होंगे। इस प्रखंड में कुल 96 स्कूल बंद होंगे। सबसे कम 09 स्कूल बोड़ाम प्रखंड के बंद होंगे। बहरागोड़ा की शिक्षा समिति ने एक भी स्कूल के बंद नहीं करने का निर्णय लिया है।

 

कहां कितने स्कूल होंगे बंद

1. पोटका - 96

2. बहरागोड़ा - 51

3. जमशेदपुर - 47

4. चाकुलिया - 42

5. घाटशिला - 41

6. मुसाबनी - 33

7. डुमरिया - 29

8. गुड़ाबांदा - 23

9. धालभूमगढ़ - 14

10. पटमदा - 10

11. बोड़ाम -09