छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : मानगो नगर निगम के डिमना बस्ती के हरि मंदिर में लगाए गए जल कनेक्शन और जल वसूली के कैंप में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, डिमना बस्ती में मानगो जलापूर्ति योजना का सैकड़ों कनेक्शन होने के बाद भी छह महीने से जलापूर्ति ठप है। इससे नाराज लोगों ने कैंप में बैठे निगम के कर्मचारियों का घेराव कर हंगामा किया। लोगों ने कहा कि जब नलों में पानी ही नहीं आता तो फिर नगर निगम किस मुंह से जल शुल्क वसूल रहा है। लोगों ने कैंप का बहिष्कार कर दिया। यहां एक भी नया कनेक्शन नहीं हुआ।

लगातार लग रहा कैंप

बताते चलें कि मानगो नगर निगम नए इलाके में जल कनेक्शन करने और जल शुल्क की वसूली करने के लिए कैंप लगा रहा है। इसी सिलसिले से बुधवार को डिमना बस्ती में लगे कैंप में एजेंसी स्पैरो टेक के मनीष मुखिया निगम के अन्य कर्मियों के साथ सुबह साढ़े 10 बजे पहुंचे तो डिमना बस्ती के लोगों ने उन्हें घेर लिया और हंगामा करने लगे।

अभियान में अब तक 21 कनेक्शन

अब तक चले अभियान में मानगो के जाकिर नगर इलाके में बावनगोड़ा चौक, जवाहरनगर और चेपा पुल में लगे कैंप में 21 जल कनेक्शन हुए। 5020 रुपये का जल शुल्क जमा हुआ और 26 हजार 70 रुपये का होल्डिंग टैक्स जमा हुआ। गुरुवार को जवाहर नगर के हनफिया हाईस्कूल में कैंप लगेगा।