19 फरवरी को सामूहिक विवाह में हुई थी दोनों की शादी
kanpur@inext.co.in
KANPUR : चकेरी में बुधवार को खुद गवाह बनकर पत्नी की शादी प्रेमी से कराने का अनोखा मामला सामने आया है। विवाहिता प्रेमी के साथ भाग रही थी कि पति ने दोनों को पकड़ लिया। उसने पत्नी से बात की, लेकिन जब वह साथ रहने को राजी नहीं हुई तो उसने मंदिर में पत्नी की प्रेमी से शादी करवा दी। गवाह के रूप में पुलिस भी मौजूद रही।

प्रेमी को भाई बताकर लाई ससुराल
सनिगवां निवासी गोलू गुप्ता बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था। उसकी 19 फरवरी को सामूहिक विवाह फतेहपुर मजिल गांव निवासी शांति से शादी हुई थी। शादी के बाद वह चौथी पर घर गई थी। कुछ दिनों पहले ही ससुराल लौटी थी। उसके साथ रवि यादव नाम का एक युवक भी साथ में था। शांति ने पहले बताया कि वह उसकी मौसी का लड़का है, लेकिन भेद खुल गया और वह लखनऊ मोहनलालगंज निवासी प्रेमी था.

शक होने पर दोनों को रोका
रवि चार दिन से गोलू के घर पर ही रह रहा था। मंगलवार को गोलू काम पर गया था। वह शाम को घर जा रहा था। तभी उसने देखा कि शांति और रवि रिक्शे से कहीं जा रहे थे। शांति बैग और बक्सा रिक्शे में रखे थी। गोलू ने शक होने पर दोनों को रोककर पूछताछ की, तो शांति की पोल खुल गई। गोलू ने प्रेमी रवि को पुलिस के सुपुर्द करने के बाद शांति के घरवालों को बुलाया.

जान देने की कोशिश की
घरवालों के समझाने पर शांति गोलू के साथ घर चली गई, लेकिन वहां पर उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। इसे देख गोलू के हाथ पांव फूल गए। उसने शांति से दोबारा बात की, लेकिन शांति ने साथ रहने से साफ मना कर दिया। उसने कहा कि अगर उसको रवि से अलग किया गया तो वह खुदकुशी कर लेगी। इसे सुनकर गोलू ने शांति की रवि से शादी कराने का फैसला कर लिया। उसने सुबह पुलिस चौकी जाकर रवि को छुड़ाया। इसके बाद उसने पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में शांति और रवि की शादी कराकर विदा कर दिया।