सिविल लाइंस पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर दर्ज की आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट

ALLAHABAD: एक पति के अपने दोस्तों के संग मिलकर पत्‍‌नी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़त महिला ने सिविल लाइंस थाने में पति व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। दुष्कर्म सिविल लाइंस एक होटल में किया गया है।

दोनो में चल रही है अनबन

कर्नलगंज एरिया की रहने वाली युवती की शादी कई साल पहले बांदा के रहने वाले लक्ष्मीराज सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ साल बाद पति पत्‍‌नी के बीच विवाद शुरू हो गया। पीडि़ता का आरोप है कि पति ने चोरी छुपे 2009 में दूसरी शारी कर ली। जानकारी होने पर दोनों में विवाद हो गया। मामला कोर्ट तक पहुंचा, तो विवाद और बढ़ गया। महिला का कहना है कि दो दिन पूर्व पति का फोन आया और उसने सिविल लाइंस एरिया में स्थित एक होटल में अकेले मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर पहले से पति के अलावा दो और लोग मौजूद मिले। पीडि़ता का कहना है कि पति ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ मिलकर बलात्कार किया।

महिला ने पति समेत दो अन्य अभिषेक और विक्रम पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

शिव मंगल सिंह

इंस्पेक्टर, सिविल लाइंस