-पहली को नहीं दिया था तलाक, थाने के चक्कर लगाती रही पीडि़ता

- सपा के एक पदाधिकारी पर आरोपी पक्ष का समर्थन करने का आरोप

आगरा। थाना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक शादीशुदा युवक ने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

एक साल से मायके में रह रही

पन्नी गली थाना कोतवाली निवासी नगमा (काल्पनिक नाम) की शादी वर्ष 2008 में भीम नगर, जगदीशपुरा निवासी दिलशाद से हुई थी। आरोप है कि एक साल पूर्व उसने पत्‍‌नी से मारपीट की। इससे उसे गंभीर चोटें आई। वह मायके चली गई। बताया गया है कि उसको ब्रेन हेमरेज हो गया था। इसके चलते उसका लंबा ईलाज चला। उसके एक पांच वर्ष का पुत्र भी है। इस दौरान नगमा को पता चला कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है।

थाने के लगाए लगातार चक्कर

पीडि़ता पिछले करीब पांच दिनों से थाना कोतवाली के चक्कर लगा रही थी। शनिवार को पीडि़ता दोपहर में यूथ हेल्प सोसाइटी के प्रदेश प्रभारी फरहान खान के साथ थाने पहुंची। तब जाकर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। डि़ता को पता चला कि पति शनिवार शाम सात बजे शादी कर रहा है। पीडि़ता के साथ शाम को सपा नेत्री मोनिका नाज थाना कोतवाली पहुंची। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के एक पदाधिकारी का लड़का पक्ष को समर्थन हासिल है। इसी दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।

सुबह ही कर ली थी शादी

रात में पता चला कि पति सुबह ही दूसरी शादी कर चुका है। मोनिका नाज ने बताया कि पीडि़ता अब पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसकी शादी में जितना मेहर दिया गया था वह उसे वापस चाहती है। साथ ही अपने बेटे को भी वापस चाहती है। रात तक भीड़ थाने में डटी हुई थी।