JAMSHEDPUR : सुसुराल जाने से इनकार करने पर पति ने पत्नी को दोमुहानी पुल से नीचे फेंक दिया। पत्नी को फेंकने में उसे उसके भाई मधुमत ने भी साथ दिया। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। इस घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज एमजीएम हॉस्पिटल में चल रहा है। आरोपित पति का नाम राजेश महतो है। वह ड्राइवर का काम करता है और कपाली क्षेत्र स्थित कमारगोड़ा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित पति को अरेस्ट कर लिया है और उसके भाई की तलाश कर रही है।

किया था लव मैरेज

राजेश महतो ने दो साल पहले गांव की बेबी से प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ ही दिनों में दोनों के बीच संबंध खराब होने लगे। आरोप है कि राजेश बेबी से पैसों की मांग करने लगा। इसके लिए प्रताडि़त करने पर बेबी अपने मायके लौट आई। सोमवार को राजेश बेबी के मायके पहुंचा और उसे घुमाने के बहाने दोमुहानी पुल पर ले आया। वहां उसने शराब पी और इसके बाद बेबी को अपने साथ घर चलने को कहने लगा। बेबी ने मायका छोड़ ससुराल जाने से इन्कार किया तो राजेश ने अपने बड़े भाई मधुमत के साथ उसे पुल से नीचे फेंक दिया। सोनारी के समीप बने दोमुहानी पुल के जिस जगह से बेबी को नीचे फेंका गया, वहां की ऊंचाई बहुत अधिक नहीं थी, इसलिए जान तो बच गई लेकिन बेबी को दोनों पैर में फ्रैक्चर आने समेत गंभीर चोट आई है। वह चल-फिर नहीं पा रही है।

रात भर पुल के नीचे रही बेहोश

पुल से फेंके जाने के बाद रात भर बेबी पुल के नीचे बेहोश होकर पड़ी रही। चूंकि घटना रात की थी, इसलिए किसी को पता न चला कि वह वहां पड़ी हुई है। सुबह पुल पर काम करने वालों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दस बजे उसे एमजीएम में भर्ती कराया गया। वह अब भी चल नहीं पा रही।

कपाली पुलिस ने दबोचा

एमजीएम में इलाज के दौरान दोपहर तकरीबन 12.00 बजे अपनी पत्नी को देखने आए आरोपित पति राजेश महतो को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एमजीएम थाने से गिरफ्तार करने के बाद कपाली पुलिस राजेश महतो को थाना ले गई है। पुलिस आरोपित जेठ मधुमत को भी तलाश रही है।