थरवई के पडि़ला गांव में हुई सनसनीखेज घटना से हड़कंप

नामजद दो आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

ALLAHABAD: थरवई थाना क्षेत्र के पडि़ला गांव में सोमवार की रात विजय बहादुर भारतीय और उनकी पत्‍‌नी ऊषा देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्याकांड की जानकारी होते ही कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की बेटी ने पुलिस को रिश्तेदार राकेश व उसके भाई दिनेश के खिलाफ तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। कत्ल की वजह पुलिस जमीन का विवाद मान रही है।

बेटी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज

पडि़ला गांव निवासी विजय बहादुर दर्जी का काम करता था। सोमवार देर रात भोजन के बाद वह पत्‍‌नी ऊषा देवी के साथ बरामदे में सो रहा था। करीब एक बजे रात पहुंचे बदमाशों ने विजय बहादुर व उसकी पत्‍‌नी ऊषा देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कातिलों ने कमरे में सो रहे बच्चों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन उनकी मंशा भांप चुके बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। तब हमलावर फरार हो गए। मृतक दंपति की बेटी नीलू ने गांव के एक शख्स व उसके भाई के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी है। एसपी गंगापार सुनील कुमार सिंह ने विजय की सांसें चलती देख उसे एसआरएन हॉस्पिटल भेजा, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। नीलू की तहरीर पर पुलिस ने मृतक ऊषा देवी के भाई स्व। राजेंद्र के बेटे राकेश व दिनेश सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

प्रथम दृष्टया हत्याकांड की वजह जमीन का विवाद समझ में आया है। दंपत्ति की धारदार हथियार से हत्या की गई है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक और शख्स की लोकेशन मिली है। जल्द ही खुलासा घटना का खुलासा किया जाएगा।

नितिन तिवारी, एसएसपी