- करवाचौथ के लिए खूब हो रही ब्यूटी पार्लर में बुकिंग

- शहर के अधिकतर बड़े ब्यूटी पार्लर अभी से हो गए फुल

LUCKNOW: करवाचौथ में एक ओर जहां पूजन की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर महिलाएं इस पर्व पर सजने-संवरने में भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही हैं। कहीं ब्राइडल मेकअप की बुकिंग कराई जा रही है तो कहीं फेशियल कराया जा रहा है। राजधानी के सभी ब्यूटी पार्लर में अभी से सुहागिनों की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। ब्यूटी पार्लर संचालकों के अनुसार कई महिलाओं ने तो ड्रेस से लेकर तैयार होने तक की बुकिंग करा ली है।

दे रहे स्पेशल ऑफर

राजेंद्र नगर में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली सुमन राय ने बताया कि करवाचौथ पर विशेष ऑफर दिया जा रहा है। एक, दो और तीन हजार के पैकेज उपलब्ध हैं। एक हजार में रेडियंस क्लीनअप मैनीक्योर की सुविधा है। वहीं हजरतगंज स्थित एक ब्यूटी पार्लर में 2950 रुपए का पैकेज दिया जा रहा है। यहां की संचालिका अमिता श्रीवास्तव ने बताया कि इस पैकेज में फेशियल, मैनीक्योर, पैडीक्योर, पूल आर्म, अंडर आर्म और आर्म वैक्सीन शामिल है। ब्राइडल मेकअप की शुरुआत पांच हजार से है।

कई जगह बुकिंग फुल

गोमती नगर में एक पार्लर संचालिका स्मिता सिंह ने बताया कि करवाचौथ के लिए इतनी बुकिंग हो चुकी है कि अब हमें लोगों को मना करना पड़ रहा है। कई महिलाओं ने फुल ड्रेस मेकअप की बुकिंग कराई है। लहंगा-चुन्नी के लिए भी लाइन लगी हुई है। खास बात यह है कि जो महिलाएं वृत नहीं रखेंगी, वह भी इस बार सजने-संवरने में पीछे नहीं रहना चाहती हैं।

उम्र के हिसाब से मेकअप

जिन महिलाओं की उम्र 45 प्लस है वे लाइट मेकअप करवा रही हैं। वहीं जिनकी शादी को दो-तीन साल हुए हैं वह मेकअप में कोई कमी नहीं रखना चाहती।

बाक्स

करवाचौथ का मुहूर्त

27 अक्टूबर को महिलाएं करवाचौथ का वृत रखेंगी। इस बार करवाचौथ पूजन का समय शाम 5.46 बजे से 6.50 बजे तक है। चंद्रोदय का समय शाम को 7.42 बजे है।

बाक्स

चांदी के करवों की डिमांड

इस बार राजधानी में चांदी के करवा की काफी डिमांड है। ये बाजार में दो से 40 हजार की कीमत में उपलब्ध हैं। सराफा व्यापारियों के अनुसार चांदी के करवा हाथों-हाथ बिक रहे हैं। लोग पूजा के साथ ही इसे गिफ्ट में देने के लिए भी खरीद रहे हैं। करवाचौथ का दिन नजदीक आने पर अब ज्वैलरी की सेल में भी इजाफा दिखाई देने लगा है।