-यूरोपीय चोटी फतह करने वाली अपर्णा ऑल इंडिया सर्विस की पहली अधिकारी

LUCKNOW : यूपी कैडर की महिला आईपीएस अधिकारी अपर्णा कुमार एक और चोटी फतह कर सफलतापूर्वक अपने घर वापस लौट आयीं। इस बार उन्होंने रूस स्थित यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर देश का तिरंगा और यूपी पुलिस का झंडा फहराया। यह यूरोप का सबसे ऊंचा पर्वत है, जिसकी ऊंचाई 18 हजार 510 फिट है। इस चोटी को फतह करने वाली अपर्णा आल इंडिया सर्विस की पहली अधिकारी हैं।

सिर्फ 14 मेंबर हैं शामिल

इस चोटी को फतह करने वालों में अपर्णा के साथ यूएसए, यूके, कनाडा, आस्ट्रेलिया और बुल्गारिया के 14 मेंबर शामिल थे। प्रदेश के डीजीपी जगमोहन यादव ने वतन लौटने पर अपर्णा का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। अपर्णा अब तक कई देशों की कई पर्वत मालाओं को फतह कर वहां देश का तिरंगा और यूपी पुलिस का झंडा फहरा चुकी हैं।

सीएम कर चुके हैं सम्मानित

इससे पहले अपर्णा ने इंडोनेशिया स्थित सबसे ऊंचे पर्वत कार्टजेंस पिरामिड और अफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी कैलिमिंजारो (जो तंजानिया राष्ट्र में 20 हजार फिट की ऊंचाई पर स्थित है) पर फतह हासिल की। इसके अलावा अपर्णा साउथ अमेरिका के 22 हजार फिट की सबसे ऊंची चोटी माउंट अकांकागुवा को फतह कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, इंडिया में लद्दाख की 20 हजार फिट स्टॉक कागरी पीक, हिमाचल की 19 हजार फिट ऊंची चोटी फ्रेंडशिप पीक और एवरेस्ट बेस नेपाल की लैबुचे ईस्ट चोटी को भी अपर्णा फतह कर चुकी हैं। इस काम के लिए सीएम अखिलेश यादव ने इसी साल मार्च में उन्हें रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।

2002 बैच की हैं आईपीएस अधिकारी

अपर्णा यूपी कैडर की 2002 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से केरल की रहने वाली अपर्णा अब लखनऊ की नागरिक हैं.उनके पति संजय कुमार भी आईएएस अधिकारी हैं और मौजूदा समय में सोनभद्र में डीएम के पद पर तैनात हैं। अपर्णा कहती हैं कि उनका इरादा सातों महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटियों को फतेह करने का है, जिसमें से आधा सफर तय हो चुका है। अपर्णा की तमन्ना एवरेस्ट पर देश का और यूपी का झंडा फहराने का है। इसके लिए वह दो बार अटेंप्ट कर चुकी हैं। लेकिन दोनों ही बार प्राकृतिक आपदाओं की वजह से उन्हें अपना मिशन बीच में ही रोकना पड़ा था।