- पुलिस ने एक आरोपी को 2.95 लाख रुपए के जाली करेंसी के साथ किया अरेस्ट

- घर से मिले नकली करेंसी प्रिंट करने के उपकरण, पुलिस ने लिए कब्जे में

- अहमदाबाद सप्लाई की थी 50 हजार रुपए की जाली करेंसी

DEHRADUN: घर में जाली नोटों की टकसाल चलाने वाले को दून पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। उसके कब्जे से चेकिंग के दौरान 2.95 लाख रुपए की जाली करेंसी बरामद हुई, इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर उसके किराए के कमरे से जाली नोट प्रिंट करने की हाईटेक मशीनें और पेपर रोल भी बरामद हुआ है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी 2008 में भी जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था, जाहिर है वह लंबे समय से इस काले कारोबार को अंजाम दे रहा था।

इन्फॉर्मर से मिले इनपुट
थाना रायपुर इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस ने जाली नोटों के साथ एक शातिर को अरेस्ट किया है। इन्फॉर्मर से मिले इनपुट के बाद पुलिस को यह कामयाबी मिली। रिंग रोड स्थित गढ़वाली कॉलोनी से अरेस्ट आरोपी के पास 500-500 रुपए की 2.95 लाख की करेंसी बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम शाकिर (45) पुत्र मेहंदी हसन निवासी मुरादाबाद बताया।

रेंटल रूम पर टकसाल
आरोपी शाकिर मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है। उसने रायपुर स्थित इंदर बाबा ढाल पर रेंट पर रूम लिया हुआ था और वहीं उसने जाली नोट बनाने का सिस्टम लगा रखा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर पर रेड की और वहां से जाली नोट बनाने के उपकरण जब्त किये।

हाईटेक मशीनों से जाली प्रिंट
हाईटेक मशीनों के जरिए वह असली नोट को स्कैन कर कोरे पेपर पर प्रिंट कर जाली नोट बनाता था। लेकिन, उसके द्वारा प्रिंट किए गए जाली नोट दिखने में हूबहू असली नोटों की तरह है, फ्रंट और बैक साइड के साथ ही नोटों की मार्जिनल साइड भी प्रिंट थी, जो आसान नहीं है। ऐसे में इन नोटों को देख कोई भी धोखे में आ सकता है।

35 से 40 परसेंट लेता था कमिशन
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दून में रेंट के रूम पर जाली नोट बनाता था। यहां से जाली नोटों को चलाने के लिए मुरादाबाद सप्लाई करता था। जिन्हें वह 35 से 40 परसेंट कमीशन लेकर बेच देता था।

अहमदाबाद भेजे थे जाली नोट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से जाली नोटों का धंधा चला रहा था। लगभग दो माह पहले ही उसने 50 हजार रुपए के करेंसी नोट अहमदाबाद सप्लाई किए थे।

बरामद जाली करेंसी

2.95 लाख रुपए

बरामद इक्विपमेंट

- कलर प्रिंटर

- 2- नॉर्मल प्रिंटर

- 4-एप्सन इंक बॉटल (मैजेंटा, स्यान, यलो, ब्लैक)

-स्केल (स्टील), स्केल (प्लास्टिक)

-पेपर शीट रोल

-2- कलर पेन

आरोपी की क्राइम हिस्ट्री
आरोपी शाकिर पहले भी जाली नोटों के साथ पकड़ा गया है। पुलिस ने जब उसकी क्राइम हिस्ट्री खंगाली तो पता चला कि वर्ष 2008 में वह जाली नोटों के साथ नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा अरेस्ट किया गया था। उसके खिलाफ रायपुर थाने में भी एक केस दर्ज है।

आरोपी से दो बार पूछताछ की गई है। फिलहाल यह सामने आया है कि वह अकेले ही जाली नोट का काला कारोबार कर रहा था। किसी और सदस्य के बारे में अभी तक इनपुट नहीं मिले हैं। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।

-श्वेता चौबे, एसपी सिटी