- दुर्घटना के बन रहे कारण

- दो दिन से नदारद हैं सिपाही, बिगड़ा ट्रैफिक

आगरा। शहर का ट्रैफिक सुधारने के लिए तेजी से कवायद चल रही है। सड़कों के एक-एक प्वाइंट पर सुधार किए जा रहे हैं। इस समस्या को गंभीरता मानते हुए स्वयं एसएसपी सड़क पर उतरे हैं। इससे काफी हद तक ट्रैफिक पर सुधार हुआ है, लेकिन इसमें नेशनल हाईवे (एनएच) के कट बड़े रोड़ा हैं। ये कई बार दुर्घटना के कारण भी बनते हैं और हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।

शहर के बीचोबीच एनएच पर शार्टकट रास्ते के लिए कई अवैध कट बना दिए गए हैं। वॉटर व‌र्क्स से सिकंदरा एनएच पर छोटे -बड़े 10 से अधिक कट बनाए गए हैं। इन्हें रोकने के लिए कई बार सीमेंटेड बेरीकेड्स भी लगाए गए, पर राहगीरों ने शार्टकट अपनाने के लिए यहां भी सुराग कर दिया। इन कटों की वजह से कई बार रास्ते में दुर्घटना हो रही है। इस ओर पुलिस प्रशासन ने ध्यान भी दिया। कुछ प्वाइंट्स पर सिपाही तैनात किए गए, लेकिन ये व्यवस्था दो दिनों में ही हवाहवाई हो गई।