- सहायक नगर आयुक्त समेत कई घायल

- पुलिस भी पिटी, चौकी इंचार्ज की भूमिका संदिग्ध

आगरा। शहर की डेयरी हटाने पहुंचे नगर निगम और पुलिस की टीम से जमकर मारपीट की गई। हमलावरों ने सहायक नगर आयुक्त को लाठी-डंडों से पीटा। टीम के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी- अपनी जान बचाई। वहीं चौकी इंचार्ज की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वह निगम की घायल टीम का मेडिकल चेकअप कराने के बजाए हमलावरों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद शहर से अवैध डेयरी हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम और पुलिस की टीम शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे आवास विकास सेक्टर-16 पहुंची। यहां पर सड़क किनारे मवेशियों को एक गाड़ी में भरकर कांजी हाउस भेज दिया। टीम मंदिर वाले पार्क के पास पहुंची, तो वहां भी चार-पांच मवेशी बंधे मिले। इन्हें ले जाने लगे और एक गाय को गाड़ी में चढ़ाने लगे। इस बीच चार-पांच लोगों ने हमला बोल दिया और लोगों ने पत्थर फेकना शुरू कर दिया। इससे अफरा तफरी मच गई। नगर निगम और पुलिस टीम को जान बचाने के लाले पड़ गए। सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला पर लाठियों से हमला हुआ। इससे सिर, हाथ-पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर योगेश शर्मा से बुरी तरह मारपीट की। पुलिस कर्मियों तक नहीं बख्शा। सभी किसी तरह जान बचाकर भागे। नगर निगम टीम ने सिकंदरा थाना पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ तहरीर लिखवाई। वहीं दूसरी ओर हमलावरों ने भी नगर निगम की टीम पर मारपीट की शिकायत दी है।

चौकी इंचार्ज पर उठे सवाल

हमला में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी समेत 5 कर्मी बुरी तरह जख्मी हुए। वहीं पुलिस लाइन से मिले कर्मियों से भी मारपीट की गई। निगम टीम को जिला अस्पताल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। इस दौरान उन्हें चार हमलावार दिखाई दिए, जिन्हें चौकी इंचार्ज अभय प्रताप सिंह लेकर पहुंचने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इनका मेडिकल जांच कराके निगम टीम पर काउंटर केस की तैयारी चौकी इंचार्ज की शह पर की जा रही है।

महिलाएं आई सामने

बताया जा रहा है कि एक गाय को लीवर की सहायता से गाड़ी में चढ़ाया जा रहा है। इसी बीच लोगों और महिलाओं ने हमला कर दिया। इससे लीवर से छूटकर गाय नीचे गिर गई। इससे लोग उग्र हो गए और टीम पर हमला बोल दिया। इसमें कुछ लोग हिंदूवादी संगठनों से जुड़े होने की बात सामने आई है।

निगम कर्मियों का अल्टीमेटम

नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, पशु चिकित्सक और निगम कर्मियों के साथ मारपीट पर निगम कर्मी संगठन ने भ‌र्त्सना की है। उप्र स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के विनोद इलाहाबादी ने 72 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की है।