मिलेगा जाम से छुटकारा, वैध रिक्शा ही होंगे रोड पर

ALLAHABAD: चौतरफा जाम से जूझ रहे शहर को कुछ राहत मिलने जा रही है। डीएम सुहास एलवाई के आदेश पर दस मई से अवैध ई रिक्शा के खिलाफ आरटीओ की ओर से अभियान चलाया जाएगा। बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे ई रिक्शा को बंद कराया जाएगा। एआरटीओ इनफोर्समेंट रविकांत शुक्ला ने सभी ई रिक्शा चालकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।

महज एक हजार हैं रजिस्टर्ड

बता दें कि शहर में महज एक हजार ई रिक्शा का ही पंजीकरण हुआ है। जबकि इनकी संख्या पांच हजार से ऊपर पहुंच चुकी है। बताया जाता है कि प्रशासन ने तकरीबन एक दर्जन एजेंसियों को वैध माना है। इनसे ही ई रिक्शा की खरीद वैध मानी जाएगी। लेकिन, हजारों की संख्या में लोगों ने चाइनीज और लोकल रिक्शे खरीद लिए हैं, जिनका पंजीकरण होना नामुमकिन है। ऐसे में बड़ी संख्या में ई रिक्शा को शहर से बाहर निकाला जाएगा। इससे जाम से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।

जाम को लेकर सीडीओ ने किया निरीक्षण

शहर में बढ़ती जाम की समस्या से निजात के लिए प्रभारी डीएम व सीडीओ सैमुअल पॉल एन ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने निरंजन पुल के नीचे बिखरे तारों को अंडर ग्राउंड करने का आदेश दिया। साथ ही निरंजन टॉकीज के पीछे के रास्ते को वनवे करने को कहा। कहा कि यह केवल जाने का रास्ता होगा और पुल के पास रोड पर डिवाइडर लगाया जाए। पानी की टंकी के पास पहुंचकर उन्होंने यातायात पुलिस के जवानों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने रामबाग में बन रहे फ्लाईओवर के कार्यो का बोर्ड लगाने का आदेश सेतु निगम को दिया। कहा कि हो रहे कार्यो की जानकारी जनता को होना अति आवश्यक है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रामप्रवेश ने मंगलवार को स्कूली वाहनों की चेकिंग की। उन्होंने गाड़ी की परमिट, ड्राइवरों का लाइसेंस और इंश्योरेंस न मिलने पर वाहनों का चालान भी किया।