-गोविंदपुर एरिया में चल रहा था यह अवैध कारोबार, मुट्ठीगंज पुलिस ने की छापेमारी

ALLAHABAD: मुट्ठीगंज पुलिस ने कई माह से चल रही असलहा बनाने एक फैक्ट्री का बड़ा खुलासा किया है। पकड़ी गई फैक्ट्री से कई निर्मित और अ‌र्द्धनिर्मित तमंचे व नाल एवं तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। मौके से पुलिस ने दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इन्होंने पुलिस को बताया कि यहां तैयार किए गए असलहों की सप्लाई वे आसपास के जनपदों में किया करते थे। पुलिस को देखते ही मौके से कई लोग फरार हो गए। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पकड़े गए दो अभियुक्त

थानाध्यक्ष निशीकांत राय को खबर मिली थी कि बलुआघाट चौराहे पर एक व्यक्ति कई तमंचों को बेचने के लिए किसी का इंतजार कर रहा है। खबर मिलते ही हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच कर उन्होंने उस व्यक्ति को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए शख्स ने अपना नाम इन्द्रजीत विश्वकर्मा निवासी मालवीय नगर बताया। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि गोविंदपुर एरिया स्थित एक टेंट हाउस के अंदर फैक्ट्री है। इसी फैक्ट्री में असलहे बनाए जाते हैं। यहां तैयार किए गए असलहों की सप्लाई शहर व आसपास के जनपदों में की जाती है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों ने कबूला है कि असलहों को बेचने का काम गोविंदपुर निवासी शहीम बाबा किया करता है। इन तमाम जानकारियों को करने के बाद पुलिस ने बगैर देर किए टेंट हाउस में छापेमारी करके असला बनाने की फैक्ट्री को बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से खुल्दाबाद निवासी शमीम अख्तर पुत्र अंसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शहीम पुलिस को देखते ही भाग निकला।

वर्जन

असलहा बनाने की पकड़ी गई फैक्ट्री टेंट हाउस में कई माह से चल रही थी। असलहों के साथ मौके से दो अभियुक्त भी पकड़े गए हैं। दोनों ने पूछताछ में कई अहमद जानकारियां दीं हैं, जिस पर पुलिस काम कर रही है। फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

-सुकीर्ति माधव, सीओ बैहराना आईपीएस