- दस्तावेजों में 18 साल से छह माह कम निकली नाबालिग की उम्र

- पुलिस के समझाने पर छह माह बाद शादी करने के लिए राजी हुए परिजन

HARIDWAR: कनखल थानाक्षेत्र के मिस्सरपुर गांव में नाबालिग किशोरी की शादी पुलिस ने रुकवा दी। कुछ लोगों की शिकायत पर कनखल पुलिस बारात से पहले ही गांव पहुंच गई। जांच में किशोरी की उम्र 18 साल से छह माह कम निकली। पुलिस के समझाने पर परिजन छह माह बाद शादी करने पर राजी हो गए। इसके बाद बारात गांव में पहुंची और घुड़चढ़ी से लेकर खाना पीने तक की सारी औपचारिकताएं पूरी की गई। मगर फेरे और शादी की बाकी रस्में पूरी नहीं की गई। इसके बाद बारात बिन दुल्हन लिए लौट गई।

पुलिस ने रुकवाई शादी

पुलिस के मुताबिक पिरान कलियर थानाक्षेत्र के इमलीखेड़ा से कुछ लोग ने मंगलवार सुबह जगजीतपुर पुलिस चौकी में नाबालिग किशोरी की शादी को लेकर शिकायत की। उन्होंने पुलिस को किशोरी की मार्कशीट भी दिखाई। जिसमें किशोरी की उम्र 17 साल छह माह थी। पुलिस ने लड़की के परिजनों व रिश्तेदारों को कानूनी तौर पर समझाते हुए शादी न करने के लिए कहा। परिजन इस पर राजी हो गए। कुछ देर बाद ही सहारनपुर के एक गांव से बारात मिस्सरपुर पहुंच गई। बैंड बाजे के साथ बराती दूल्हे के साथ पंडाल में पहुंचे। वर और वधु पक्ष के जिम्मेदार लोगों ने बातचीत कर छह माह बाद शादी की बात तय की। खाना खाने के बाद बरात लौट गई। एसओ कनखल अनुज सिंह ने बताया कि शादी रुकवा दी गई है। परिजन छह माह बाद बेटी की शादी करेंगे।