इम्पैक्ट न्यूज

- मामला संज्ञान में आने पर कैंट बोर्ड ने ठेकेदार से की पूछताछ

- कैं टोनमेंट एरिया के भीतर दिए तहबाजारी वसूलने की हिदायत

BAREILLY:

कैंटोनमेंट बोर्ड की फर्जी रसीद पर की जा रही वसूली का मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। कैंटोनमेंट सीमा क्षेत्र के बाहर की जा रही अवैध वसूली की पुष्टि होने पर ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। ठेकेदार ने कैंट सीमा की जानकारी न होने पर सीमा से सटी कुछ दुकानों पर तहबाजारी वसूलने की बात मानी। जिस पर उसे कैंट एरिया की जानकारी देते हुए आगे से सीमा के अंदर ही वसूली के निर्देश दिए। अवैध उगाही से परेशान दुकानदारों ने शोषण मुक्त होने से बचाने पर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट को थैंक्स कहा।

बंद हुई अवैध वसूली

पिछले दिनों दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने कैंट बोर्ड की फर्जी पर्ची पर अवैध वसूली दुकानदारों से किए जाने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसके बाद कैंटोनमेंट बोर्ड के जिम्मेदारों ने मामले पर तत्काल एक्शन लेते हुए अवैध वसूली बंद करा दी है। साथ ही, अब कैंट बोर्ड और नगर निगम के बीच चल रहे सीमा विवाद को भी सुलझाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। रेवेन्यू अधिकारियों ने नगर निगम के साथ मीटिंग कर सीमा विवाद को सुलझाकर नियमानुसार तहबाजारी व खाली पड़ी जमीन पर निर्माण कार्य कराने की संभावना जता रहे हैं। अधिकारियों ने वर्तमान में जीपीओ से बीओबी के दायीं ओर के मार्ग पर संचालित सभी दुकानों को अवैध करार दिया है।

अज्ञात भी कर रहे उगाही

मामले पर रेवेन्यू ऑफिसर विकास ने ठेकेदार के अलावा अज्ञात लोगों के द्वारा भी वसूली किए जाने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से बंद तहबाजारी शुरू होने के बाद अज्ञात लोगों द्वारा वसूली की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने फर्जी तरीके से पर्ची छपवाकर वसूली करने वालों की धरपकड़ के बाद सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है। अधिकारियों ने बोर्ड में कार्यरत कर्मचारी, अधिकारी को अवैध वसूली कर रहे लोगों पर निगाह रखने को कहा गया है। वहीं, संबंधित मामले में मिलीभगत होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।