-भगवान महावीर प्रसाद मेडिका अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर में आयकर का सर्वे जारी

रांची : बूटी मोड़ के समीप स्थित भगवान महावीर प्रसाद मेडिका अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर में आयकर विभाग ने मंगलवार को सर्वे कार्य शुरू किया है। आशंका है कि ट्रस्ट के नाम पर इस संस्था ने हर साल करोड़ों के टैक्स का गबन किया। ऐसा करीब तीन-चार साल से किया जा रहा है। इसे आयकर अधिनियम-1961 की धारा 12ए का दुरुपयोग बताया जा रहा है। फिलहाल, कितने की टैक्स चोरी की गई है, इसका खुलासा बुधवार की शाम तक हो सकेगा।

खंगाल रहे दस्तावेज

संयुक्त आयकर आयुक्त अभय कुमार के नेतृत्व में उप आयकर आयुक्त भावना गुलाटी, आयकर अधिकारी अजीत, नीरज रस्तोगी, इंस्पेक्टर सुजीत व पंकज तथा अन्य आयकर के कर्मियों ने मेडिका अस्पताल प्रबंधन व भगवान महावीर प्रसाद मेडिका अस्पताल रिसर्च सेंटर ट्रस्ट के दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है। सर्वे जारी है। मंगलवार की शाम तक इस ट्रस्ट के माध्यम से की गई अनियमितता की लगभग पुष्टि हो चुकी है। अपने पैसे के लेन-देन को ट्रस्ट के तहत करके टैक्स को छुपाया गया है। उक्त राशि को चैरिटेबल मद में खर्च नहीं कर, दूसरे मद में खर्च किए जाने की पुष्टि हुई है।

--

लोहरदगा के सीमेंट व्यवसायी, नामकुम के आटा मिल में आयकर सर्वे

-आय कम दिखाकर टैक्स चोरी की आशंका, छानबीन जारी

-मेन रोड के जेडी मॉल में भी चल रहा है सर्वे

रांची : इनकम टैक्स की चोरी मामले में आयकर विभाग, झारखंड सर्किल का ताबड़तोड़ सर्वे चल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लोहरदगा के सीमेंट व्यवसायी के तीन ठिकानों पर जहां आयकर का सर्वे शुरू हुआ। वहीं, रांची के नामकुम में जिजोदिया फ्लावर मिल में भी आयकर की टीम पहुंची। रांची के मेन रोड में महावीर टावर के सामने जोखीराम दुर्गादत्त (जेडी) मॉल में भी आयकर सर्वे जारी है। सर्वे दूसरे दिन भी जारी रहने की संभावना है।

तीन ठिकानों पर सर्वे

लोहरदगा के बीना सीमेंट के तीन ठिकानों पर संयुक्त आयकर आयुक्त निशा उरांव सिंहमार के नेतृत्व में आयकर अधिकारी आलोक श्रीवास्तव व उनकी टीम सर्वे कर रही है। इस प्रतिष्ठान के संचालक उपेंद्र प्रसाद हैं। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2016-17 में अपनी आय 20 लाख रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2017-18 में अपनी आय 60 लाख रुपये दिखाई और उसपर टैक्स भरा। आयकर विभाग को आशंका है कि उसने जितनी आय दिखाई है, उससे कहीं अधिक उसकी आय है। आय कम दिखाकर करीब चार साल में आयकर का गबन किया गया है। हालांकि, दस्तावेजों की जांच जारी है। बीना सीमेंट के संचालक सीमेंट के थोक विक्रेता हैं। वे सीमेंट के अलावा मार्बल, टाइल्स, सेनिटरी उपकरण आदि की बिक्री भी करते हैं।

लाखों आयकर गबन की आशंका

इधर, रांची के नामकुम स्थित जिजोदिया फ्लावर मिल्स के संचालक संदीप अग्रवाल व सावित्री अग्रवाल के प्रतिष्ठान में आयकर का सर्वे जारी है। यहां संयुक्त आयकर आयुक्त एके मोहंती के नेतृत्व में आयकर अधिकारी जय कुमार इस प्रतिष्ठान में दस्तावेज खंगाल रहे हैं। यहां भी लाखों के आयकर गबन की आशंका है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। रांची के मेन रोड स्थित जोखीराम दुर्गादत्त मॉल में भी संयुक्त आयकर आयुक्त निशा उरांव सिंहमार के निर्देशन में आयकर अधिकारी संजीव चौरसिया सर्वे कर रहे हैं।

---------------

यहां-यहां चल रहा है आयकर का सर्वे :

- मेसर्स बीना सीमेंट, ब्लॉक मोड़ के समीप, लोहरदगा।

- बीना टावर, ब्लॉक मोड़ के समीप, लोहरदगा।

- दुकान सह गोदाम, मेसर्स बीना सीमेंट परिसर, ब्लॉक मोड़ के समीप, लोहरदगा।

- जिजोदिया फ्लावर मिल, नामकुम, रांची।

- जोखीराम दुर्गादत्त मॉल, जेडी मॉल, मेन रोड, महावीर टावर के सामने।

--